लातेहार ़ झारखंड अधिविध परिषद रांची ने इस वर्ष इंटरमीडियट विज्ञान, वाणिज्य व कला संकाय की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा में लातेहार जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इस वर्ष इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय में लातेहार जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है. लातेहार ने 93.25 प्रतिशत रिजल्ट ला कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है. जबकि गुमला ने 91.06 और कोडरमा 90.83 प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाकर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है. इस वर्ष लातेहार जिला से कुल 1024 विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय की परीक्षा दी थी. कुल 954 परीक्षार्थी उर्तीण हुए हैं. इसमें से 894 ने प्रथम श्रेणी से सफलता प्राप्त की है. जबकि 60 परीक्षार्थी सेकेंड डिवीजन से उर्तीण हुए हैं. 68 छात्र अनुत्तीर्ण रह गये हैं. जबकि इंटरमीडिएट कला संकाय में लातेहार पूरे प्रदेश में 98.71 प्रतिशत रिजल्ट ला कर चौथे नंबर पर आया है. पहले स्थान पर गुमला (99.52), दूसरे स्थान पर खूंटी (99.46) और तीसरे स्थान पर सिमडेगा (99.36) रहा है. कला संकाय में इस वर्ष जिले से कुल 6070 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी. इनमें से 3910 प्रथम श्रेणी, 2066 द्वितीय श्रेणी और 16 तृतीय श्रेणी से उर्तीण हुए. कुल 5992 उर्तीण एवं 77 अनुत्तीर्ण रह गये. जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार ने इंटरमीडिएट वाणिज्य, कला व विज्ञान संकाय में सफल सभी छात्र व छात्राओं को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि अगर मेहनत और लगन से कोई काम किया जाये तो सफलता अवश्य मिलती है. हालांकि उन्होंने असफल व कम अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं की हौसला अफजाई की और कहा कि कम अंक लाना किसी की सफलता का पैमाना नहीं हो सकता है. असफलता में ही सफलता की कुंजी होती है. असफलता से सीख कर वे भविष्य में सफल हो सकते हैं.
विज्ञान संकाय में लातेहार हुआ प्रदेश टॉपर, कला संकाय में लातेहार रहा चौथा
विज्ञान संकाय में लातेहार हुआ प्रदेश टॉपर, कला संकाय में लातेहार रहा चौथा
