बारियातू़ युवा एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त संस्था योगासन भारत व भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन की एसोसिएट सदस्यता प्राप्त संगठन के बैनर तले 29 दिसंबर से दो जनवरी तक महाराष्ट्र आयोजित राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है. प्रखंड के डाढ़ा गांव निवासी सह योगासन खेल संघ झारखंड के कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन ध्रुव ग्लोबल स्कूल (संगमनेर, महाराष्ट्र) में 29 दिसंबर से दो जनवरी तक चला था. इसमें देश के 29 राज्य के एथलीटों ने हिस्सा लिया. झारखंड के एथलीट रोशन थापा ने इसमें बेहतरीन प्रदर्शन किया. सीनियर बी ग्रुप में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रौशन किया. इस उपलब्धि के साथ ही रोशन थापा ने विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. इसका अयोजन अहमदाबाद (गुजरात) में होना है. श्री सिंह ने बताया कि इसके अलावे झारखंड को प्रतियोगिता में दो रजत पदक भी मिले हैं. चित्रा साहा ने महिला वर्ग में रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया. प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से तकनीकी पदाधिकारी के रूप में प्रशांत कुमार सिंह ने भी सहभागिता निभायी. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ओलंपिक एसोसिएशन झारखंड के महासचिव मधुकांत पाठक, झारखंड योगासन खेल संघ के अध्यक्ष मनोज तिवारी, पूर्व महासचिव बिपिन पांडेय, महासचिव चंदू शर्मा समेत संघ के सभी पदधारियों व सदस्यों ने बधाई दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
