हेरहंज ़ गुरुवार को बरहमोरिया बस स्टैंड के समीप तेज रफ्तार हाइवा के धक्के से 45 वर्षीय चंद्रदेव भगत की मौत हो गयी थी. आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर से बालूमाथ-हेरहंज-पांकी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था. ग्रामीण शव के साथ सड़क पर बैठे थे. जिससे इस पथ पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. घटना की सूचना के बाद बीडीओ अमित कुमार, थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया व डीवीसी कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक जाम जारी रहा. करीब नौ घंटे की लंबी बातचीत के बाद आखिरकार रात 12 बजे समझौता हुआ. डीवीसी कंपनी ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये नकद मुआवजा देने और मृतक की पत्नी को पेंशन देने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हुआ. मौके पर उप प्रमुख विजय उरांव, सांसद प्रतिनिधि रंजीत जायसवाल, मुखिया हीरामणि लकड़ा, चंद्रदेव उरांव, रॉकी लोहरा, शिव सिंह समेत काफी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद थे. अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
बारियातू. सीओ कोकिला कुमारी ने शनिवार को गड़गोमा बालू घाट पर छापेमारी कर अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया. निरीक्षण के दौरान चालक बालू से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित नहीं था. सीओ ने बताया कि चालक ने शाम चार बजे का कटा हुआ चालान दिखाया, जो संदिग्ध प्रतीत हुआ. अवैध परिवहन का मामला मानते हुए वाहन को जब्त कर स्थानीय थाना को सौंप दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
