कांग्रेस का 140 वर्षों का गौरवशाली इतिहास, इसकी सदस्यता पाना गर्व की बात : अजय

कांग्रेस का 140 वर्षों का गौरवशाली इतिहास, इसकी सदस्यता पाना गर्व की बात : अजय

चंदवा़ अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया. प्रखंड कांग्रेस कमेटी की पहल पर स्थानीय पथ निर्माण विभाग के विश्रामागार परिसर में कार्यक्रम आयोजित किये गये. इसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष असगर खान ने की. कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस पार्टी के झंडोत्तोलन के साथ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से लातेहार जिला कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ लाल अजय नाथ शाहदेव व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव मौजूद थे. श्री शाहदेव ने कांग्रेस की नीति व सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला. कहा कि कांग्रेस का 140 वर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है. इसकी सदस्यता पाना गर्व की बात है. कांग्रेस ने देश को काफी कुछ दिया है. लातेहार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत है. कहा कि आने वाले समय में यहां कांग्रेस की मजबूत दावेदारी पेश होगी. टोरी रेलवे समपार की गंभीर समस्या को लेकर जोरदार आंदोलन किया जायेगा. प्रखंड अध्यक्ष श्री खान ने कहा कि 140 वर्षों से कांग्रेस ने देश के वैभव को संवारा है. कई संघर्षों के बल पर अंग्रेजों को देश से बाहर खदेड़कर भारत को स्वतंत्रता दिलाने में कांग्रेस का महत्वपूर्ण रोल रहा है. कई कांग्रेसियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, इसे भुलाया नहीं जा सकता. जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान कर कांग्रेस द्वारा किए गए जनहित के कार्यों को आम लोगों के घर-घर तक पहुंचाने की बात कही. भरोसा दिलाया कि जो भी जनसमस्या उनके संज्ञान में आयेगी, उसके समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से पहल की कोशिश होगी. कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रामयश पाठक ने कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला. बताया कि 1885 में एओ ह्यूम द्वारा स्थापित कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई. निर्मल कुमार भारती, कुशेश्वर यादव समेत अन्य कांग्रेसियों ने भी अपने विचार रखे. इस दौरान जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया गया. पार्टी की नीतियों से संबंधित पर्ची व झंडा वितरित किया गया. धन्यवाद ज्ञापन पूर्व प्रखंड अध्यक्ष गंदरू उरांव ने किया. कार्यक्रम में कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >