बरवाडीह(लातेहार). शुक्रवार देर रात बरवाडीह बस स्टैंड के पास एक गुमटी में अचानक आग लग गई. यह घटना करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुई. आग की इस चपेट में आने से दुकानदार उमेश प्रसाद के मोबाइल, मोबाइल एसेसरीज, इलेक्ट्रॉनिक सामान और ठंडा पेय पदार्थ समेत कई सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए.
इस भीषण घटना में दो लाख रुपये से अधिक की क्षति होने का अनुमान जताया गया है. दुकानदार उमेश प्रसाद ने बताया कि वह हर रोज की तरह शुक्रवार की रात अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे, जिसके बाद देर रात गश्ती वाहन ने गुमटी में आग लगी देखी और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया.
मोबाइल, कंप्यूटर, फ्रीजर समेत सारा सामान जलकर खाक
आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखे बड़ी संख्या में मोबाइल, चार्जर, केबल, मोबाइल एसेसरीज, डीप-फ्रीजर, कंप्यूटर सेट, फ्रिज, काउंटर और अन्य तमाम सामान जल गए. शनिवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही यूथ कांग्रेस स्टेट कोऑर्डिनेटर विजय बहादुर सिंह समेत कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे.
उन्होंने पीड़ित दुकानदार से पूरी घटना की जानकारी ली और हुए भारी नुकसान पर गहरा दुख प्रकट किया.
साजिश की आशंका, पीड़ित ने प्रशासन से मांगी जांच और मुआवजे की मांग
दुकानदार उमेश प्रसाद ने बताया कि इसी दुकान के जरिए वे अपने पूरे परिवार की रोजी-रोटी चलाते थे, लेकिन अब दुकान जल जाने से उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने बताया कि गुमटी के ऊपर लगा सीमेंट का एस्बेस्टस टूटा हुआ मिला है, जिससे उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर घटना को अंजाम देने की आशंका है.
पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बरवाडीह थाने में आवेदन देकर सख्त कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.
ये भी पढ़ें: चंदवा में फुटबॉल महाकुंभ-2026 का आगाज, 18 से 25 सितंबर तक होगा मुकाबला
