लातेहार ़ सीबीएसइ द्वारा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है. इसमें जिले के नेतरहाट विद्यालय के छात्र आर्यन गुप्ता ने विज्ञान संकाय में 92.2 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है. जबकि शौर्य प्रतीक ने 89 प्रतिशत अंक लाकर दूसरा व अशोक कुमार ने 80.2 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है. वहीं, कला संकाय में अभिषेक कुमार 95 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय टॉपर बने हैं. जबकि सत्यम गुप्ता ने 93.8 प्रतिशत अंक लाकर दूसरा, पियूष कुमार व रिषभ राज ने 90 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है. विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के अथक परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सतत सहयोग का प्रतिफल है. विद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को लेकर झारखंड राज्य सरकार के शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के प्रति उनके कुशल निर्देशन, सतत अनुश्रवण एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है. विज्ञान में अनन्या और वाणिज्य में रहील खान बने विद्यालय टॉपर
लातेहार. सीबीएसइ ने 12 वीं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. जिला मुख्यालय में संचालित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की छात्रा अनन्या कुमारी ने विज्ञान संकाय में 88.8 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय टॉपर हुई है. जबकि प्रियंका कुमारी 87.2 प्रतिशत अंक लाकर दूसरा व लाडली कुमारी ने 87 प्रतिशत अंक लाकर तीसरे स्थान पर रही. वहीं, वाणिज्य संकाय में रहील खान ने 90.6 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय टॉपर बना. जबकि गगन कुमार 86.6 प्रतिशत अंक लाकर दूसरा व सौम्या सिन्हा ने 82.2 प्रतिशत अंक लाकर तीसरे स्थान पर रही. इस वर्ष विज्ञान संकाय में 21 व वाणिज्य संकाय में 19 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे. जिसमें सभी उत्तीर्ण रहे हैं. विद्यालय के प्राचार्य एसपी सिंह ने छात्र-छात्राओ के उज्जवल भविष्य की कामना की है.
