लातेहार ़ जिले के बारियातू और मनिका थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों समेत कुल सात लोगों को पकड़ा है. बुधवार को पुलिस ने तीन नाबालिगों को बाल सुधार गृह और चार बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया. स्टोन माइंस में गोलीबारी करने वाले तीन नाबालिग धराये : बारियातू थाना क्षेत्र के चुंबा बिरबिर गांव स्थित स्टोन माइंस में बीते 11 मई को हाइवा और ऑफिस पर अंधाधुंध गोलीबारी की गयी थी. इस वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सघन छापेमारी की और घटना में संलिप्त तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गये तीनों किशोरों की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच है. पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. मनिका में शिबू राम की हत्या के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार : उधर, मनिका थाना क्षेत्र के बंदुआ पंचायत अंतर्गत चूल्हटवा गांव में हुई शिबू राम (45) की हत्या मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में सगुनी राम और उसके तीन पुत्रों दरोगा राम, अखिलेश राम तथा छोटू राम को गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि बहेराटांड़ निवासी इन आरोपियों ने लाठी-डंडे से पीटकर शिबू राम को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
गोलीबारी कांड में तीन नाबालिग और हत्या के मामले में पिता-पुत्र समेत चार गिरफ्तार
गोलीबारी कांड में तीन नाबालिग और हत्या के मामले में पिता-पुत्र समेत चार गिरफ्तार
