महुआडांड़़ प्रखंड में विद्यार्थियों से भरी एक ऑटो के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गये. सभी बच्चे संत मिखाईल स्कूल, साले के विद्यार्थी है़ं मृतक की पहचान अक्सी ग्राम निवासी अंकुर मिंज (पिता एलेस्युस मिंज) के रूप में हुई है, जो संत मिखाईल स्कूल, साले में सातवीं कक्षा का छात्र था. चीख-पुकार से दहला इलाका, क्षमता से अधिक सवार थे बच्चे : जानकारी के अनुसार, ऑटो में क्षमता से कहीं अधिक बच्चे सवार थे. महुआडांड़-साले मार्ग पर संतुलन खोने के कारण ऑटो पलट गया. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. घायलों में आरसु, गोरीतिका, अनुज, रेशमा, सलमा, अंशु, तुन, आस्था, दीपासी, सोनू, अवेश और शुभम शामिल हैं. इनमें से अनुरुपा एक्का, अनुज कुमार, कौतिक बाड़ा, साक्षी और नेहा की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. शेष बच्चों का इलाज डॉ अमित खलखो की टीम कर रही है. चालक व मालिक फरार : हादसे के बाद ऑटो चालक दीपक और मालिक प्रतीम उरांव मौके से फरार हो गये. सूचना मिलते ही डीएसपी शिवपूजन बहेलिया और थाना प्रभारी मनोज कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण ओवरलोडिंग है. घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड प्रमुख कंचन कुजूर, अजीत पाल कुजूर और जेएमएम नेता परवेज आलम समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढ़स बंधाया. पुलिस मामले की छानबीन और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गयी है.
अनियंत्रित ऑटो पलटने से सातवीं के छात्र की मौत, एक दर्जन घायल, पांच रेफर
अनियंत्रित ऑटो पलटने से सातवीं के छात्र की मौत, एक दर्जन घायल, पांच रेफर
