बरवाडीह : अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने मुर्गीडीह के जनवितरण प्रणाली दुकानदार पिंटू पासवान के खिलाफ राशन कालाबाजारी की शिकायत की जांच सोमवार को अंचल कार्यालय में की. मुर्गीडीह, अमडीहा व कल्याणपुर के ग्रामीणों की शिकायत थी कि दुकानदार पिंटू पासवान लाभुकों को राशन न देकर कालाबाजारी करता है. ग्रामीणों ने इस संबंध में लातेहार उपायुक्त समेत संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की थी. सीओ ने शिकायत के आलोक में मुर्गीडीह, कल्याणपुर व अमडीहा के ग्रामीणों से पूछताछ की. इस दौरान उक्त गांवों के 35 से अधिक लाभुकों ने अपनी शिकायत दर्ज करायी. बताया कि दुकानदार द्वारा अब तक उन लोगों को अतिरिक्त बीपीएल का अनाज नहीं दिया गया है.
इस पर सीओ ने दुकानदार पिंटू पासवान से स्पष्टीकरण पूछा है कि किस परिस्थिति में तीन गांव के लाभुकों को अतिरिक्त बीपीएल का अनाज नहीं दिया गया. सीओ ने बताया कि डीलर द्वारा स्पष्टीकरण का जवाब मिलने के बाद जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजा जायेगा.
