चंदवा: दक्षिण पूर्व रेलवे, रांची के सीइओ रतन कुमार ने कहा कि टोरी-लोहरदगा रेल लाइन पर बड़की चांपी से टोरी तक काम प्रगति पर है. चार बड़े पुल का निर्माण जोरों पर है. बड़की चांपी से टोरी रेलवे स्टेशन के बीच 46 छोटे पुल का काम पूर्ण कर लिया गया है. 13 बड़े रेल पुल पूर्ण हो चुके हैं.
श्री कुमार मंगलवार को टोरी-लोहरदगा रेल लाइन के अंतर्गत बड़की चांपी से टोरी रेलवे स्टेशन तक दौरा के पश्चात प्रेस वार्ता में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि मार्च 2016 तक 12.5 किमी में काम पूर्ण होते ही ट्रायल परिचालन के बाद नियमित रूप से रेलगाड़ी चलेगी. राज्य सरकार 50 प्रतिशत अंशदान देगी. इसके बाद ही निर्माण कार्य में तेजी आयेगी. एमओयू हो चुका है. उन्होंने सभी लोगों से निर्माण कार्य में सहयोग का आहवान किया. मौके पर रेल अभियंता अजीत कुमार यादव समेत कई रेल अधिकारी व कर्मी मौजूद थे. रेल अभियंताओं ने संवेदक को कई निर्देश दिये. पुलों का जायजा लिया.
