लातेहार : जिला परिषद अध्यक्ष पूर्णिमा सिंह ने कहा कि खेलों से आपसी भाईचारा एवं सदभावना बढ़ती है. खेलों को खेल भावना से खेलना चाहिए. श्रीमती सिंह वन प्रबंधन समिति जागरूकता कार्यक्रम के तहत आयोजित फुटबॉल मैच के उदघाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी.
आगे कहा कि खेल आज बेहतर कैरियर का विकल्प बन गया है. मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी ममता प्रियदर्शी, एसीएफ मदनजीत सिंह, प्रखंड प्रमुख आशा देवी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिन्हा, रेंजर मदन मोहन राम व राजकुमार सिंह, समाजसेवी ज्ञानचंद पांडेय, आशीष कुमार बाग, ललित पांडेय व आशीष कुमार आदि उपस्थित थे
इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. डीएफओ सुश्री प्रियदर्शी ने कहा कि वन प्रबंधन समितियों के जागरुकता अभियान के तहत जेएफएमएल स्पोर्ट्स मीट 2014-15 का आयोजन किया गया है. इसी के तहत जेएफएमएल लातेहार प्रक्षेत्र बनाम जेएफएमल रिचुघुटा प्रक्षेत्र के बीच यह फुटबॉल मैच का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिलता है.
उन प्रतिभाओं को मंच देने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है. आगे कहा कि वनों के संरक्षण में वन प्रबंधन समितियों की अहम भूमिका है. उन्होंने कहा कि एक वृक्ष एक पुत्र के समान होता है. वृक्षों की रक्षा करना हम सबों का दायित्व है. इससे पहले खिलाड़ियों के द्वारा परेड किया गया. अतिथियों ने फीता काटा एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया.
