चंदवा : एनएच-75 स्थित टुढ़ामु घाटी में रेल कठपुलिया के ठीक नीचे गुरुवार की सुबह एक लॉरी (एनएल 01के/6175) के फंस जाने से करीब चार घंटे रोड जाम रहा. इस दौरान रोड के दोनों ओर वाहन फंसे रहे.
रोजाना लातेहार जानेवाले कई कर्मी ऑफिस के लिए लेट हो गये. जाम में कई स्कूली बच्चे भीफंसे रहे. लॉरी लातेहार से चंदवा की ओर आ रही थी. उस पर पोकलेन मशीन लदा था. लॉरी के चालक को पोकलेन का ऊपरी हिस्सा पुल में सट जाने का अंदेशा नहीं था. उसने गाड़ी रेल कठपुलिया के नीचे घुसा दी. जिससे पोकलेन का ऊपरी हिस्सा पुल में फंस गया. अगर गाड़ी जबरदस्ती निकाली जाती, तो रेल पुल धराशायी हो सकता था. चालक ने समय रहते गाड़ी रोक दी.
काफी मशक्कत के बाद निकली लॉरी : रेल कठपुलिया में लॉरी फंसने की सूचना मिलने पर थानेदार उपेंद्र मंडल, बीडीओ देवानंद राम, सीओ रविश राज सिंह, बालूमाथ बीडीओ अजरुन राम मौके पर पहुंचे. पहले लॉरी के चक्के की हवा निकाली गयी. बावजूद पुल में फंसे पोकलेन का हिस्सा नीचे नहीं आ पाया.
स्थानीय ड्राइवर व ट्रक मैकेनिकों की मदद से लॉरी में लदे पोकलेन का बकेट खोला गया. इसके बाद दूसरी जेसीबी मशीन से धीरे-धीरे पोकलेन को खींच कर पुल को सुरक्षित किया गया. तब जाकर जाम हट पाया.
