छेड़छाड़ मामला : शिक्षकों की हरकत से हो रहा माहौल खराब, अभिभावकों ने बच्चों को नहीं भेजा स्कूल

चंदवा (लातेहार) : हुटाप पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बोरसीदाग में शुक्रवार को एक भी बच्च स्कूल नहीं आया. अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है. छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षकों को विद्यालय से नहीं हटाने के विरोध में अभिभावकों ने यह फैसला लिया है. करीब छह माह पहले ही ग्रामीणों […]

चंदवा (लातेहार) : हुटाप पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बोरसीदाग में शुक्रवार को एक भी बच्च स्कूल नहीं आया. अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है.
छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षकों को विद्यालय से नहीं हटाने के विरोध में अभिभावकों ने यह फैसला लिया है. करीब छह माह पहले ही ग्रामीणों ने यह मांग रखी थी. ग्राम शिक्षा समिति व विद्यालय प्रबंध समिति ने भी इसका समर्थन किया था. मांग को लेकर बीइइओ सुनील केसरी को ज्ञापन भी सौंपा गया था.
ग्रामीणों ने विद्यालय के हेड मास्टर शैलेश कुमार व बीइइओ श्री केसरी पर विद्यालय में राजनीति करने का आरोप लगाया है. शुक्रवार को समय पर विद्यालय खुला, पर बच्चों की उपस्थिति नगण्य रही. मध्याह्न् भोजन भी नहीं बना. सरस्वती वाहिनी माता समिति की संयोजिका भी विद्यालय में मौजूद थी. सभी शिक्षक यूं ही बैठे रहे. दोपहर बाद विद्यालय बंद कर दिया.
..तो सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण
राउमवि बोरसीदाग के ग्राशिस अध्यक्ष शोभन गंझू व विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष युगेश मुंडा ने कहा कि विद्यालय का वातावरण शिक्षक ही गंदा कर रहे थे. ऐसे में बच्चों को वहां भेजना सही नहीं है. शिक्षा विभाग की लापरवाही भी उजागर हुई है. स्थिति यथावत रही, तो सीएम से शिकायत करेंगे. ग्रामीण सड़क पर उतरेंगे.
क्या है मामला
1972 में स्थापित राउमवि बोरसीदाग एनएच 75 के किनारे स्थित है. छह माह पूर्व शिक्षक उदय चरण भारती पर विद्यालय की ही पारा शिक्षिका उषा रानी ने छेड़खानी का आरोप लगाया था. मामला थाना तक पहुंचा था. तब से शिक्षक उदय चरण भारती गायब हैं.
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में ऐसी हरकत कर शिक्षक स्कूल का वातावरण बिगाड़ रहे हैं. पूर्व में भी ऐसी घटना हो चुकी है. इस मामले में इस विद्यालय के एक अन्य शिक्षक उमेश चंद्र पटेल का नाम भी आया था. इसी बात पर अभिभावक, ग्राम शिक्षा समिति व विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक विद्यालय परिसर में हुई थी. जिला शिक्षा अधीक्षक व बीइइओ से उदय चरण भारती व उमेश चंद्र पटेल का तबादला व पारा शिक्षिका उषा रानी की सेवा समाप्ति की मांग की गयी थी. अधिकारियों द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी. इससे अभिभावकों में रोष है.
बच्चों को स्कूल भेजने का आग्रह
बीइइओ सुनील केसरी ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में आया है. अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजें. जांच जारी है. एक सप्ताह के भीतर उनकी मांग पूरी की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >