लातेहार : उत्पाद अधीक्षक शिव प्रसाद साहू के निर्देश पर अवैध शराब बनानेवाले भठ्ठों में छापामारी अभियान चलाया गया. इस दौरान सदर थाना क्षेत्र के कुसमाटांड़ ग्राम में उत्पाद अवर निरीक्षक (इएसआई) त्रिपुरारी कुमार के नेतृत्व में छापामारी की गयी. छापामारी के क्रम में गांव अरुण उरांव के घर में 150 लीटर अवैध देशी शराब एवं जावा महुआ बरामद किया गया.
हालांकि छापामारी की सूचना मिलने पर अरुण उरांव वहां से भागने में सफल रहा. उत्पाद अधीक्षक श्री साहू ने बताया कि जब्त शराब व जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि अवैध देशी शराब की चुलाई करनेवाले एवं इसकी बिक्री करनेवाले भठ्ठियों में लगातार छापामारी की जायेगी. ज्ञात हो कि प्रभात खबर ने विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद क्षेत्र अवैध देशी शराब बनाने एवं धड़ल्ले से बिक्री किये जाने की खबर गत दिनों प्रमुखता से प्रकाशित की थी.
