हेरहंज : हेल्थ वेलनेस सेंटर में नहीं था कोई डॉक्टर प्रसव के पांच घंटे बाद महिला की मौत

प्रसव के दो घंटे बाद एएनएम ने महिला को छुट्टी दे दी थी, घर आते ही बिगड़ी तबीयत हेरहंज : प्रखंड मुख्यालय स्थित पुरनी हेरहंज निवासी गुड्डू भुइयां की पत्नी कोशिला देवी की मौत प्रसव के करीब पांच घंटे बाद इलाज के अभाव में हो गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल […]

प्रसव के दो घंटे बाद एएनएम ने महिला को छुट्टी दे दी थी, घर आते ही बिगड़ी तबीयत

हेरहंज : प्रखंड मुख्यालय स्थित पुरनी हेरहंज निवासी गुड्डू भुइयां की पत्नी कोशिला देवी की मौत प्रसव के करीब पांच घंटे बाद इलाज के अभाव में हो गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. चिकित्सकों की मानें, तो बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है. कोशिला देवी को शनिवार की शाम प्रसव पीड़ा के बाद गांव की ही महिला ने हेरहंज हेल्थ वेलनेस सेंटर लायी थी. यहां एक भी चिकित्सक मौजूद नहीं थे.

एएनएम गुंजन भारती के प्रयास से शाम करीब छह बजे महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया. आरोप है कि प्रसव के दो घंटे बाद एएनएम ने महिला को छुट्टी दे दी. इसके बाद उक्त महिला कोशिला को लेकर घर आ गयी. यहां कोशिला को रक्तस्राव शुरू हुआ. फिर से लोग कोशिला को लेकर हेल्थ वेलनेस सेंटर पहुंचे. यहां किसी को नहीं पाकर लोगों ने गांव के ही निजी प्रैक्टिशनर बबलू से उसका इलाज करवाया. इसके बाद कोशिला की स्थिति और खराब हो गयी. रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गयी. मृतका का पति गुड्डू भुइयां मजदूरी करने गुमला गया है. पत्नी की मृत्यु की सूचना पा रविवार की सुबह वह घर लौटा है.

सुविधा विहीन है हेल्थ वेलनेस सेंटर

प्रखंड स्थित हेल्थ वेलनेस सेंटर अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है. सेंटर में मात्र एक चिकित्सक डॉ अशोक कुमार हैं. उनसे हेरहंज के अलावा बालूमाथ व बारियातू में भी काम लिया जाता है. ऐसे में हेरहंज के ग्रामीणों को एक भी चिकित्सक की सुविधा नहीं मिल पाती. करीब एक सप्ताह पूर्व ही जीवन रक्षक दवाइयों की कमी के कारण सर्पदंश से एक बालक की मौत भी हो गयी थी. प्रतिदिन यहां मरीजों की भीड़ लगी रहती है. चिकित्सक नहीं आते. फिलवक्त एक एएनएम के भरोसे यह सेंटर चल रहा है. झोला छाप चिकित्सकों के पास जाना लोगों की मजबूरी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >