मरकच्चो: प्रखंड के मरकच्चो उत्तरी पंचायत के धुबाडीह में जिला परिषद मद से प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने किया. मौके पर प्रमुख विजय कुमार सिंह, मुखिया रंजीत कुमार सिंह व जिप सदस्य प्रतिनिधि रविशंकर तिवारी मुख्य रूप से मौजूद थे.
नाली निर्माण होने से बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. लंबे समय से स्थानीय लोगों को जलनिकासी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था. बारिश के दौरान पानी सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में जमा हो जाने से आवागमन में भी परेशानी होती थी.
ग्रामीणों ने नाली निर्माण की योजना स्वीकृत होने पर खुशी जताते हुए कहा कि बेहतर जलनिकासी व्यवस्था होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवश्यकतानुसार अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा.
