डोमचांच: अगस्त क्रांति दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को युवा शक्ति एक नयी सोच संस्था की ओर से डोमचांच में तिरंगा यात्रा निकाली गयी. यात्रा चंद्रावती स्मारक उच्च विद्यालय के मैदान से शुरू होकर नगर पंचायत क्षेत्र व प्रखंड के विभिन्न इलाकों से गुजरी. करीब पांच किमी लंबी यात्रा में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाये.
भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा डोमचांच गूंज उठा. जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा लोगों को देश के प्रति जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करती है. इससे देश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना बढ़ती है. प्रमुख डॉ सत्यनारायण यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण और बलिदान की भावना जगाती है.
नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है. यात्रा में जिप अध्यक्ष रामधन यादव, प्रमुख डॉ सत्यनारायण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा, उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज, जिप सदस्य शांति प्रिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी समेत कई लोग मौजूद थे.
तिरंगा यात्रा में मॉडल एकेडमी, श्री महेश एकेडमी, इंस्पायर्ड विजन स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, मंथन नेशनल स्कूल, संत अरविंद एकेडमी, सन साइन एजुकेशन, ग्रिजली पब्लिक स्कूल, उमा भारती हाई स्कूल, संत अरविंद एकेडमी, लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल, संत पॉल पब्लिक स्कूल, जीएस पब्लिक स्कूल,बालिका उच्च विद्यालय डोमचांच, आरटी अनमोल फुलवरिया, सरस्वती ज्ञान मंदिर आदि के विद्यार्थियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम में विद्यालय निदेशकों को सम्मानित किया गया. वहीं बैजनाथ प्रसाद स्नेही महाविद्यालय की ओर से अतिथियों, स्कूलों व कोचिंग संस्थानों को फलदार पौधे वितरित किये गये.
