पार्षद पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन

झुमरीतिलैया में अध्यक्ष पद के लिए तीन और ने खरीदा प्रपत्र

झुमरीतिलैया में अध्यक्ष पद के लिए तीन और ने खरीदा प्रपत्र झुमरीतिलैया. नगर निकाय चुनाव को लेकर बाजार में भले ही सरगर्मी है, पर नामांकन प्रक्रिया में तेजी नहीं दिख रही है. अधिकतर प्रत्याशी शुभ मुहूर्त व दिन का इंतजार कर रहे हैं. नामांकन के तीसरे दिन भी झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ. अध्यक्ष पद की निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता पूनम कुजूर व सहायक निर्वाची पदाधिकारी दिन के 11 से तीन बजे तक कार्यालय कक्ष में बैठे रहे. हालांकि, अध्यक्ष पद के लिए तीन और दावेदारों ने शनिवार को नामांकन प्रपत्र लिया. नामांकन प्रपत्र लेने वालों में पंकज कुमार वर्णवाल, संतोष कुमार व मुकेश कुमार शामिल हैं. इसके साथ ही अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल 16 दावेदार सामने आ चुके हैं. दूसरी ओर विभिन्न 28 वार्ड से पार्षद पद के लिए कुल 26 प्रपत्र खरीदे गये. विभिन्न वार्ड से चुनाव लड़ने को लेकर अब तक कुल 162 प्रपत्र की बिक्री हुई है. शनिवार को पार्षद पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया. इसमें दो प्रत्याशियों ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया. नामांकन दाखिल करने वालों में वार्ड नंबर 21 से मनोहर कुमार राम, वार्ड नंबर 17 से मुजफ्फर आलम व वार्ड नंबर 25 से विजय कुमार सिन्हा शामिल हैं. कोडरमा नगर पंचायत : पार्षद पद के लिए एक नामांकन कोडरमा बाजार : नगर निकाय चुनाव को लेकर 29 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है परंतु नामांकन के तीसरे दिन मात्र एक प्रत्याशी ने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन किया. निर्वाची पदाधिकारी अनूप कुजूर ने बताया कि नगर पंचायत कोडरमा के वार्ड 15 से अनिता कुमारी ने नामांकन दाखिल किया. वहीं वार्ड 8 से 15 तक के वार्ड पार्षद पद के लिए 5 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन प्रपत्र खरीदा गया, जबकि वार्ड एक से सात तक के लिए वार्ड पार्षद पद पर शनिवार को भी कोई नामांकन नहीं हुआ. हालांकि इन क्षेत्रों से वार्ड पार्षद पद के लिए 12 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन फॉर्म खरीदा गया. इधर, अध्यक्ष पद पर तीसरे दिन भी कोई नामांकन नहीं हुआ. हालांकि, प्रत्याशियों के इंतजार में निर्वाची पदाधिकारी दिन भर बैठे रहे. दूसरी ओर अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों द्वारा नामांकन फॉर्म खरीदा गया. नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में मनोज कुमार झुन्नू, विनोद पांडेय और अम्बुज मोहन शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >