मरकच्चो: नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्छेडीह पंचायत के ग्राम ताराटांड नीचे टोला में चोरों के द्वारा एक बंद पड़े घर से नगदी समेत जेवरात की चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है. जिस घर में चोरी की घटना हुई है उस घर का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया और चोरी की घटना को अंजाम दिया.
जिस घर में चोरी हुई उस घर का परिवार कोलकाता में इलाज के लिए गया हुआ था. गृहस्वामी उर्मिला देवी ने बताया कि वे कुछ दिनों पूर्व से कोलकाता में रहकर अपने पति का इलाज करवा रही हैं. दूरभाष पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि चोरी की घटना का पता फोन के माध्यम से उन्हें पड़ोसियों से मिला, जिससे उन्हें मालूम चला की उनके घर का खिड़की तोड़कर चोर घर में घुसे और अलमीरा और पलंग के बॉक्स को खोल कर उसमे रखे नगदी व जेवरात की चोरी कर ली.
उर्मिला देवी ने बताया की उन्होंने बेटी के शादी के लिए घर में ढाई लाख नगद व सोने के अंगूठी व चैन रखा था, जो गायब मिला. घटना के बाद उर्मिला देवी की मां कपूरी देवी सुबह ताराटांड पहुंची और पुरे घटना की जानकारी दी. उसके द्वारा पाया गया की घर के अंदर के दो कमरे का ताला टूटा हुआ था एक कमरे में पलंग का बॉक्स खोलकर समान इधर उधर चोरो के द्वारा बिखेरा गया था.
साथ ही पलंग के बॉक्स में रखे नगदी व जेवर भी गायब थे, जबकि दुसरे कमरे का अलमीरा का भी सामान बिखरा हुआ पाया गया. वहीं दूसरी ओर चोर दशरथ मोदी को घर का भी कुंडी तोड़कर अंदर घुसे जहां उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा. उक्त घर में वृद्ध दशरथ मोदी रहा करते थे जो घटना के पूर्व कहीं बाहर गए हुए थे. घटना की जानकारी मिलने पर एएसआई शशि भूषण दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटना की जानकारी ली.
