पीड़ित महिला को मिली मदद

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार बाल कृष्ण तिवारी ने ससुराल वालों द्वारा उत्तर प्रदेश की एक महिला को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर घर से बाहर निकाल देने के मामले में मिसाल कायम की है

18कोडपी13 पीडित महिला की व्यथा सुनते प्राधिकार के सचिव. प्रतिनिधि कोडरमा. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार बाल कृष्ण तिवारी ने ससुराल वालों द्वारा उतर प्रदेश की एक महिला को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर घर से बाहर निकाल देने के मामले में पीड़ित महिला को समुचित उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराकर एवं उसे जिला प्रशासन के सहयोग से सखी वन स्टॉप सेंटर में आश्रय दिलाकर मानवता की मिसाल पेश की है. उल्लेखनीय है कि उतर प्रदेश की एक महिला मीना देवी को उनके पति, सास, ननद, ननदोई सहित ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया गया. उक्त महिला को उसकी दो बेटियों सहित उसे घर से बाहर निकाल कर बेसहारा छोड़ दिया गया. महिला इस बात की शिकायत को लेकर स्थानीय थाना में फरियाद लेकर पहुंची परंतु किसी व्यक्ति ने इसकी सुध नहीं ली. इस घटना की सूचना पाकर स्थानीय समाजसेवी साकेत पांडेय एवं पप्पू कुमार राणा ने उक्त पीड़ित महिला की फरियाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के सामने रखी. इस घटना की सूचना मिलते ही प्रधान जिला जज ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुंरत जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार को उक्त पीड़ित महिला के हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित छान बीन कराने तथा पीड़ित महिला का बेहतर इलाज कराये जाने के निर्देश दिये. इस आलोक में प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वयं पीड़ित महिला के पास पहुंच कर मामले की पूरी जानकारी ली तथा सखी वन स्टॉप सेंटर में कार्यरत पीएलवी मोनिका कुमारी एवं कंचन कपूर को भेज कर कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार की मदद से सदर अस्पताल में उक्त महिला के बेहतर इलाज की समुचित व्यवस्था करायी. साथ ही कोडरमा महिला थाना के पदाधिकारी को तत्काल इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये. कोडरमा महिला थाना पुलिस ने इस निर्देश के आलोक में उक्त पीड़ित महिला के पति राजेन्द्र दास, ननद बसंती देवी, प्रीति, ननदोई सुखदेव दास, उसकी पत्नी मंजू देवी, सास चिंता देवी के खिलाफ महिला थाना कांड संख्या 4/25 दर्ज करते हुए पीड़ित महिला के पति राजेंद्र दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं उक्त पीड़ित महिला को उनकी दो बेटियों के साथ सखी वन स्टॉप सेंटर की नोडल पदाधिकारी अर्चना ज्वाला की मदद से सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है़ प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंच कर पीड़ित महिला का हाल चाल लिया एवं उन्हें हर संभव सहायता दिलाये जाने का आश्वासन दिया. पीड़ित महिला मीना देवी ग्राम घबराहारा, पोस्ट विशनपुरा, थाना पटेहरवा, जिला कुशीनगर उतर प्रदेश की रहने वाली है, जिसकी शादी मरकच्चो निवासी सहदेव दास से सात वर्ष पूर्व हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >