झुमरीतिलैया: राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित एनसीसी के आईडीएसएससी (इंटर डायरेक्टोरेट शूटिंग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप) कैंप में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर लौटे 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा के चार कैडेटों का रविवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया.
तमिलनाडु के त्रिची में 21 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर के इस कैंप में देशभर के एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया. बिहार-झारखंड निदेशालय से इस राष्ट्रीय कैंप के लिए चयनित 18 कैडेटों में 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा के चार कैडेटों का चयन हुआ था. इसमें राम लखन सिंह यादव इंटर कॉलेज के कैडेट आदित्य भारती भी शामिल थे.
उनके साथ सीएच प्लस टू हाई स्कूल कोडरमा के कैडेट पृथ्वीराज, जे.जे. कॉलेज की कैडेट सलोनी कुमारी तथा पारसनाथ कॉलेज के कैडेट सूरज कुमार सिंह ने राष्ट्रीय कैंप में भाग लेकर झारखंड का प्रतिनिधित्व किया.
राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित कैंप में राम लखन सिंह यादव इंटर कॉलेज के कैडेट आदित्य भारती का चयन कॉलेज के लिए भी गौरव का विषय रहा. शूटिंग खेल से जुड़े इस राष्ट्रीय कैंप में भाग लेकर उन्होंने अपने अनुशासन, समर्पण एवं प्रतिभा का परिचय दिया. उनके चयन से राम लखन सिंह यादव इंटर कॉलेज परिवार में भी उत्साह का माहौल है.
45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के नवनियुक्त कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू के नेतृत्व में बटालियन के कैडेटों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं एवं कैंपों के लिए लगातार तैयार किया जा रहा है. कर्नल पारस लिंबू को भारत के राष्ट्रपति द्वारा वीरता के लिए प्रदान किए जाने वाले देश के दूसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जा चुका है.
उनका यह सम्मान कोडरमा जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है. तमिलनाडु के त्रिची में आयोजित कैंप पूरा करने के बाद रविवार को कोडरमा पहुंचे चारों कैडेटों का रेलवे स्टेशन पर एनसीसी अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने स्वागत किया.
मौके पर सूबेदार मेजर जीके चौधरी, सूबेदार चंपा मुर्मू, हवलदार अजीत कुमार, एएनओ लेफ्टिनेंट राधिका, लेफ्टिनेंट मिंज एवं सेकेंड ऑफिसर नवीन चौधरी, व्याख्याता सह एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू का कीर्ति चक्र से सम्मानित होना जिले एवं राज्य के लिए गर्व की बात है.
