गौतम राणा
Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिटको कॉलोनी में एक महिला की गला रेत कर हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय नेहा राज, पति शम्भू राणा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पड़ोसी ने बताया की मृतका का पुत्र गुरुवार को जब स्कूल से वापस घर लौटा और वैन से उतर कर जैसे ही कमरे के अंदर गया तो वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए घर से बाहर की ओर भागा. उसकी चीख पुकार सुनकर पड़ोसी उसके पास पहुंचे. तब उसने बताया कि उसकी मां के गले से खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं रही है.
हत्या के वक्त पति था घर से बाहर
इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पड़ोसियों ने मृतका के पति शम्भू राणा को दी, जो अपनी कॉपी फैक्ट्री से किसी को कॉपी पहुंचाने गए थे. सूचना पाकर शम्भू राणा सहित अन्य लोग घर के अंदर प्रवेश किये तो देखा कि महिला का गला किसी तेज धारदार हथियार से रेता हुआ है और उसके गले से खून बह रहा है. आनन-फानन में पड़ोसियों के सहयोग से उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी विकास पासवान दल बल के साथ घर और अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच
इसके बाद पुलिस इस हत्या की जांच में जुट गई. इस संबंध में थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. उन्होंने कहा कि घटना की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है. अभी तक मृतका के परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. एक जानकारी और मिली है कि मृतका नेहा राज कॉपी का प्लांट अपने पति के साथ मिलकर चलाती थी. नेहा ने अंतरजातीय विवाह किया था.
ये भी पढ़ें…
झारखंड की मशहूर यूट्यूबर कॉमेडियन मंजू देवी का निधन, झुमरीतिलैया में शोक की लहर
केंद्र की राशि अटकने पर भी राज्य सरकार ने छात्रों की पढ़ाई नहीं रुकने दी : शालिनी
