कोडरमा बाजार: कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना रोड स्थित कोडरमा घाटी में सोमवार को कांवरियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गयी. हादसे में पांच कांवरिए घायल हो गये. गनीमत रही कि बस खाई में गिरने के बजाय एक बड़े चट्टान में जाकर अटक गयी. इससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
गंगासागर से राजगीर जा रहे थे कांवरिए
जानकारी के अनुसार, पराशर ट्रेवेल्स की बस संख्या BR28P 3511 से कांवरियों का एक जत्था गंगासागर से कोडरमा होते हुए राजगीर जा रहा था. सोमवार को बस कोडरमा घाटी के जमसोती नाला के समीप पहुंची. इसी दौरान घाटी के तीखे मोड़ पर चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस सड़क से नीचे उतर गयी.
ये भी पढ़ें... JPSC परीक्षा विवाद में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार
चट्टान में अटक गयी बस, खाई में गिरने से बची
बस के सड़क से नीचे उतरते ही उसमें सवार कांवरियों में चीख-पुकार मच गयी. हालांकि, बस नीचे खाई में गिरने के बजाय एक बड़े चट्टान में जाकर अटक गयी. इससे बस में सवार कांवरियों की जान बच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर बस चट्टान में नहीं अटकती, तो वह गहरी खाई में गिर सकती थी और हादसा काफी गंभीर हो सकता था.
पांच कांवरिए घायल
हादसे में पांच कांवरिए घायल हुए. घायलों की पहचान 38 वर्षीय अखिलेश कुमार, 40 वर्षीय गायत्री देवी, प्रमिला देवी, 45 वर्षीय शंकर महतो और देवनाथ ठाकुर के रूप में हुई है. सभी घायल गोपालगंज, बिहार के रहने वाले बताये गये हैं.
ये भी पढ़ें... JPSC Protest: विधानसभा घेरने जुटे 10000 से अधिक छात्र, करीब 5000 छात्र धरने पर बैठे
हाइवे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही हाइवे पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां सभी का इलाज किया गया. हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटायी.
लोगों ने ली राहत की सांस
बस के चट्टान में अटक जाने से बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही. बाद में पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य हुई. हादसे ने एक बार फिर कोडरमा घाटी के तीखे मोड़ों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
