कोडरमा बाजार: बागीटांड़ स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में रविवार को झारखंड आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया गया. महोत्सव में झारखंड की गौरवशाली आदिवासी संस्कृति, परंपरा, प्रकृति से जुड़ाव, लोककला और जीवन दर्शन की विविध झलकियां देखने को मिलीं. उदघाटन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशिषा, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, जिप अध्यक्ष रामधन यादव सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया.
लोकगीत और नृत्य ने बांधा समांमहोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आदिवासी लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. आश्रम आवासीय विद्यालय मरकच्चो तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जयनगर की बच्चियों ने आदिवासी लोकगीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी.
आदिवासी जंगल के रखवाला, जय जोहार जय आदिवासी और हम माटी के लाल जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. झारखंड की पारंपरिक छऊ नृत्य शैली और झारखंड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की हमर छोटानागपुर, हीरा नागपुर प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही.
स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को किया जीवंतमहोत्सव में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को रैंप प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया गया. विद्यार्थियों और कलाकारों ने स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी वीरों के योगदान को प्रस्तुत कर लोगों को गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया.
आश्रम आवासीय विद्यालय की बच्चियों ने हर-हर झारखंड पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने मोमेंटो, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
चयनित युवाओं को मिले नियुक्ति पत्रमहोत्सव के दौरान रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को अतिथियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान किये. इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया. स्पॉन्सरशिप योजना के लाभुकों को प्रमाण पत्र, बच्चियों को साइकिल तथा अंत्योदय योजना के तहत बिरहोर परिवारों को राशन कार्ड दिये गये. प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के चयनित लाभुकों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.
स्टॉल और सेल्फी प्वाइंट रहे आकर्षणमहोत्सव परिसर में क्राफ्ट, कौशल विकास, फूड और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़े स्टॉल लगाये गये. अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय कला, उत्पादों और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली. वहीं आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं और बच्चों ने तस्वीरें लेकर महोत्सव की यादें संजोयीं.
उपायुक्त ने किया रक्तदानमहोत्सव में रक्तदान, स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए विशेष शिविर लगाया गया. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, सीएस अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया. स्वास्थ्य शिविर में लोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया.
मौके पर अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर, एसडीओ निर्मल सोरेन, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश बैठा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामरतन वर्णवाल, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
