रेलवे रनिंग स्टाफ की भूख हड़ताल

रेलवे बोर्ड द्वारा डीए में 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद भी रनिंग भत्ते में वृद्धि नहीं किये जाने सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन द्वारा गुरुवार सुबह 6:36 बजे सामूहिक भूख हड़ताल की जा रही है.

झुमरीतिलैया. रेलवे बोर्ड द्वारा डीए में 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद भी रनिंग भत्ते में वृद्धि नहीं किये जाने सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन द्वारा गुरुवार सुबह 6:36 बजे सामूहिक भूख हड़ताल की जा रही है. इसके तहत देशभर के सभी मंडल रेल कार्यालयों पर धरना दिया जा रहा है. धनबाद मंडल में भी यह आंदोलन जारी है. इस हड़ताल के कारण कोडरमा रनिंग रूम में किचन पूरी तरह से बंद हो गया है. किचन के सुपरवाइजर रितेश यादव और कुक धर्मेंद्र राम ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे तक कोई भी खाना नहीं खायेगा. 150 लोको पायलट और सहायक पायलट बिना भोजन के ड्यूटी कर रहे हैं. रनिंग स्टाफ ने अपना विरोध जताने के लिए ड्यूटी के दौरान भी उपवास रखने का निर्णय लिया है. इसका असर यह है कि देशभर में ट्रेनें भूखे पेट चलाने की मजबूरी बन गयी है. रनिंग रूम और ट्रेनिंग स्कूल में भी मेस पूरी तरह से बंद कर दिये गये हैं.

रनिंग स्टाफ की 15 प्रमुख मांगें

एक जनवरी 2024 से रनिंग भत्ता 25 प्रतिशत बढ़ाया जाये और फार्मूले के अनुसार भत्ता दरों में संशोधन किया जाये. एनपीएस को खत्म कर ओपीएस बहाल किया जाये. साप्ताहिक विश्राम को 46 घंटे किया जाये. मालगाड़ियों की ड्यूटी 8 घंटे और यात्री ट्रेनों की ड्यूटी 6 घंटे की जाये. रात की लगातार ड्यूटी को अधिकतम दो तक सीमित की जाये. ट्रेन को 36 घंटे के भीतर मुख्यालय वापस लाया जाये. सभी उपकरण लोको कैब में ही फिट किये जायें. लंबित ग्राउंड ट्रांसफर आवेदनों पर तुरंत विचार हो. रनिंग भत्ते का 70 प्रतिशत आयकर मुक्त किया जाये. लोको पायलट और सहायक लोको पायलट के वेतनमान में सुधार किया जाये. इएमयू, मेमू और डेमू में एकल व्यक्ति कार्य प्रणाली समाप्त हो. लोकोमोटिव डिजाइन के अनुसार प्रशिक्षण अवधि बढ़ाई जाये. ट्रेन संचालन के दौरान भोजन अवकाश का प्रावधान हो. महिला रनिंग स्टाफ को मासिक धर्म के दौरान दो दिन का विशेष अवकाश मिले. साइन ऑन/साइन ऑफ के समय पुलिंग टाइम को पुनः आधा घंटा किया जाये. कोडरमा के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट भी धनबाद में चल रहे धरना में शामिल हो रहे हैं. इसके बावजूद वे अपनी 8-8 घंटे की ड्यूटी भी निभा रहे हैं. धरना सुबह 6 बजे से कल शाम 18 बजे तक निरंतर चलता रहेगा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय धनबाद पर इसमें शामिल होने के लिए कोडरमा से दर्जनों रेल चालक शामिल हुए. धरना में पीके निराला, अभिषेक कुमार, कपिंद्र कुमार, मनोज प्रभाकर, सतीश कुमार 2, एमके मेहरा, शैलेंद्र कुमार सहित कई लोग शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >