आक्रोश. बिजली की बदहाली से त्रस्त ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटा सतगावां. प्रखंड क्षेत्र में बिजली की बदहाली से त्रस्त ग्रामीणों के सब्र का बांध शनिवार को उस वक्त टूट गया, जब क्षेत्र के दौरे पर आये उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता को अपनी समस्या बतानी चाही. लोगों ने डीसी की गाड़ी को रोककर उनसे मिल कर अपनी समस्या बताने का प्रयास किया, पर डीसी के वाहन से नहीं उतरने पर कुछ लोगों ने प्रशासन व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. दरअसल, बासोडीह बस स्टैंड के समीप पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है. पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है. जब उपायुक्त का काफिला बासोडीह बस स्टैंड के पास से गुजर रहा था, तो पहले से ही गुस्साये ग्रामीण रास्ते में एकत्रित हो गये. ग्रामीणों ने उपायुक्त की गाड़ी को रोककर उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराने और आवेदन देने का प्रयास किया़ ग्रामीणों का आरोप है कि उपायुक्त ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं सुना और उनका काफिला आगे बढ़ गया. उपायुक्त के इस रुख से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर ही जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. इससे पहले डीसी का वाहन रोके जाने पर पुलिस सक्रिय हुई और लोगों को बीच सड़क से हटाया. इधर, सड़क पर प्रदर्शन करने के बाद सभी ग्रामीण एकजुट होकर सतगावां प्रखंड कार्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने अपनी मांगों और बिजली की बदहाली को लेकर एक आवेदन सौंपा. ग्रामीणों ने कहा कि 15 दिनों से घरों में न लाइट है और न पानी की व्यवस्था हो पा रही है, लेकिन इस ओर बिजली विभाग का कोई ध्यान नहीं है. हम उपायुक्त महोदय को उस खराब ट्रांसफार्मर को दिखाना चाहते थे और लिखित गुहार लगाना चाहते थे, लेकिन हमारी बात नहीं सुनी गयी. विरोध के बाद बिजली विभाग सक्रिय हुआ. शनिवार देर शाम इलाके में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू हो गया.
परेशान लोगों ने रोका डीसी का वाहन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
बिजली की बदहाली से त्रस्त ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटा
