सीएचसी सतगावां में गंदगी देख डीसी नाराज, कार्रवाई का निर्देश

विभिन्न संस्थानों एवं विकास योजनाओं का निरीक्षण

सतगावां. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने शनिवार को सतगावां प्रखंड का दौरा कर विभिन्न संस्थानों एवं विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र, भागाडीह में बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके बाद स्वास्थ्य उपकेंद्र खुट्टा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां का निरीक्षण कर पंजीकरण कक्ष, ओपीडी, आपातकालीन वार्ड, सामान्य वार्ड, दवा वितरण कक्ष, कुपोषण उपचार केंद्र और प्रसव कक्ष समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया.अस्पताल में साफ-सफाई की खराब स्थिति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सिविल सर्जन को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने अस्पताल परिसर और सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा. कुपोषण उपचार केंद्र में भर्ती बच्चों एवं मरीजों की देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली. उपायुक्त ने राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय के अधूरे भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही डाक बंगला, कृषक पाठशाला और खुट्टा स्थित दाल मिल प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया. स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना भी की. निरीक्षण के बाद प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने सीओ को निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज से संबंधित कोई भी मामला लंबित न रहे. मौके पर डीडीसी रवि जैन, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर, एसडीओ निर्मल सोरेन, डीएसओ राम रतन वर्णवाल, डीएसडब्ल्यूओ कनक कुमारी तिर्की, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत, बीडीओ ओमप्रकाश बड़ाईक व अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >