सतगावां थाना क्षेत्र के इटाय पंचायत अंतर्गत बिसनीडीह गांव का मामला आरोपी किराना दुकानदार परिवार के साथ घर में ताला लगाकर हुआ फरार सतगावां. इटाय पंचायत अंतर्गत बिसनीडीह गांव में ठगी का एक मामला सामने आया है. यहां एक किराना दुकानदार ने भारत माइक्रोफाइनेंस कंपनी के नाम पर दर्जनों महिलाओं के साथ लाखों रुपये का फर्जीवाड़ा किया है. घटना का खुलासा तब हुआ, जब बैंक के रिकवरी मैनेजर किस्तों की वसूली के लिए गांव पहुंचे. जानकारी के अनुसार, बिसनीडीह निवासी योगेंद्र सिंह गांव में ही किराना दुकान चलाता था. वह ग्रामीणों के बीच काफी भरोसेमंद माना जाता था़ लोग अपने परिवार का बाहर से भेजा गया पैसा भी उसी के माध्यम से निकालते थे़ इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने एक बड़ी ठगी को अंजाम दिया़ वह अपनी दुकान पर ही महिला ग्रुप लोन की बैठकें भी कराता था. ग्रामीणों ने बताया कि इस बार योगेंद्र सिंह ने गांव की 40-45 महिलाओं और 18-20 वर्ष की युवतियों को झांसे में लिया. उसने सभी के आधार कार्ड और बैंक पासबुक जमा किये और भारत माइक्रोफाइनेंस से प्रत्येक के नाम पर एक लाख 25 हजार रुपये का लोन अप्रूव कराया. लोन की राशि खातों में आते ही उसने महिलाओं के अंगूठे और हस्ताक्षर करवा कर पूरी राशि निकाल ली और उन्हें पैसे देने के बजाय खुद हड़प लिया. जब माइक्रोफाइनेंस कंपनी के रिकवरी मैनेजर गांव पहुंचे और महिलाओं से किस्तों की मांग की, तब ग्रामीण दंग रह गये. महिलाओं ने बताया कि उन्हें लोन का कोई पैसा प्राप्त नहीं हुआ है. ठगी का अहसास होते ही जब ग्रामीण योगेंद्र सिंह के घर पहुंचे, तो पाया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर फरार हो गया है. ठगी का शिकार होने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से ललिता देवी, निभा कुमारी, बिंदेश्वरी देवी, रीना देवी, मनीता देवी, सिक्का देवी, रीता देवी, रूबी देवी, सिंकू देवी और रिंकू देवी समेत दर्जनों महिलाएं के नाम शामिल हैं. पीड़ितों ने कहा कि थाना में आवेदन देकर स्थानीय प्रशासन से न्याय और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी.
लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से लाखों की ठगी
सतगावां थाना क्षेत्र के इटाय पंचायत अंतर्गत बिसनीडीह गांव का मामला
