अलारसा का वार्षिक सम्मेलन संपन्न, किसान-मजदूरों के जेल भरो आंदोलन को समर्थन

कोडरमा में अलारसा का वार्षिक सम्मेलन संपन्न हुआ। लोको पायलटों ने केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए किसान-मजदूरों के जेल भरो आंदोलन को समर्थन दिया।

कोडरमा: ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (अलारसा) का तीसरा वार्षिक सम्मेलन रविवार को होटल कृष्णा परिसर में संपन्न हुआ. सम्मेलन की शुरुआत मजदूरों के संघर्ष के प्रतीक लाल झंडे के फहराने के साथ हुई. इसके बाद शहीद बेदी पर अतिथियों एवं प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. सम्मेलन की अध्यक्षता धनबाद मंडल अध्यक्ष एसके सिंह व संचालन शाखा सचिव कपिद्रें कुमार ने किया.

सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन अलारसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामराज भगत ने किया. मुख्य वक्ता साउथ ईस्टर्न रेलवे के सचिव एवं अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक एसपी सिंह ने केंद्र सरकार की मजदूर, किसान, छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों की आलोचना की. उन्होंने रेलवे के लोको रनिंग स्टाफ के साथ कथित दमन और शोषण का विरोध करते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन तेज करने का आह्वान किया.

उन्होंने आठ घंटे ड्यूटी, 46 घंटे सामूहिक विश्राम, रात में दो घंटे से अधिक लगातार ड्यूटी नहीं देने तथा 36 घंटे के अंदर मुख्यालय वापसी सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया. हाजीपुर जोनल सचिव एके राउत एवं अध्यक्ष डीपी श्रीवास्तव ने 10 अगस्त को प्रस्तावित किसान-मजदूरों के जेल भरो आंदोलन को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की.

वक्ताओं ने लोको पायलटों के किलोमीटर भत्ता को समाप्त करने की कथित साजिश का विरोध किया. कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने रेलवे सहित देश के सार्वजनिक संस्थानों के निजीकरण का विरोध करने का आह्वान किया. सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने सम्मेलन का अभिनंदन करते हुए कहा कि देश गंभीर दौर से गुजर रहा है.

उन्होंने केंद्र सरकार पर कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष को तेज करना होगा. उन्होंने चार लेबर कोड का भी विरोध किया. सम्मेलन को ईसीआरईयू के मंडल सचिव सुनील कुमार सिंह एवं केंद्रीय सहायक मंत्री डीबी दीन ने भी संबोधित किया.

सर्वसम्मति से नई कमेटी का गठन

सम्मेलन के अंत में अगले तीन वर्षों के लिए शाखा कमेटी का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया. जिसमें आशुतोष कुमार अध्यक्ष, दिवाकर कुमार सचिव, उमाशंकर प्रसाद कार्यकारी अध्यक्ष, अभिषेक कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया. उपाध्यक्ष अजीत कुमार, श्याम नारायण, सहायक सचिव अखिलेश कुमार, पंकज कुमार, श्याम किशोर, एनके सिंह, सतीश कुमार, सहायक कोषाध्यक्ष प्रभाकर कुमार, संगठन सचिव सुजेश कुमार, मो. आफताब, सुधीर कुमार, राजू कुमार, अंकेक्षक कपिंद्रे कुमार को चुना गया. कार्यकारिणी सदस्यों में आईके भारती, धनराज, अमित कुमार, नीलू कुमारी को बनाया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >