कोडरमा बाजार : शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव ने कहा कि दो वर्ष पहले कोडरमा में रोज घोटालों व भ्रष्टाचार के धमाके होते थे, अब समय बदल गया है. यहां धमाके तो हो रहे हैं लेकिन सिर्फ और सिर्फ विकास के. कोडरमा को शिक्षा का हब बनाने को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं, उनकी गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि होली जैसे बड़े त्योहार में भी उन्होंने हमारे लिए समय निकाला. उन्होंने कहा कि कोडरमा को केवल शिक्षा हब ही नहीं बनाना है, बल्कि यहां स्वास्थ्य व रोजगार के क्षेत्र में भी कई काम किये जा रहे हैं.
शीघ्र ही सदर अस्पताल में ट्रामा सेंटर बनने जा रहा है. केंद्रीय विद्यालय व शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय का भी निर्माण होने वाला है. कहा की करमा केंद्रीय अस्पताल में मेडिकल काॅलेज बनाया जायेगा. इसी साल मुख्यमंत्री के हाथों इसका शिलान्यास होगा. कहा कि कभी यहां करीब 600 अबरख खदानें संचालित थी, मगर इसके बंद हो जाने से यहां की जनता रोजी-रोजगार की समस्या से जूझ रही है. किसी तरह ढिबरा चुन कर घर का चूल्हा जलता था, मगर प्रशासनिक सख्ती के कारण वह भी बंद है.
उन्होंने इंदरवा में उद्योग लगाने व डोमचांच को औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की मांग मुख्यमंत्री से करते हुए कहा कि कोडरमा में रोजगार का अभाव होने के कारण यहां के लोग पलायन को मजबूर हैं. यहां स्टोन चिप्स व ढिबरा रोजगार के मुख्य आधार है. हजारों लोग ढ़िबरा चुन कर जीविकोपार्जन करते हैं. मगर प्रशासनिक हस्तक्षेप के कारण यह रोजगार भी लोगों से छीन गया है. इससे यहां के लोग रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में भटकने को मजबूर हैं. यदि इस पर ध्यान दिया जाये, तो न केवल यहां रोजगार के साधन उपलब्ध होगा.
