शराब से भरी कार तिलैया में जब्त

कोडरमा : पड़ोसी राज्य बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद सीमावर्ती इलाके कोडरमा से अवैध अंग्रेजी शराब का गोरखधंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है. पुलिस ने गुरुवार देर रात तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद पेट्रोल पंप के पास से शराब से भरी स्विफ्ट डिजायर कार(बीआर-01पीएम-6938) बरामद की. लग्जरी कार पर 36 पेटी रॉयल […]

कोडरमा : पड़ोसी राज्य बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद सीमावर्ती इलाके कोडरमा से अवैध अंग्रेजी शराब का गोरखधंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है. पुलिस ने गुरुवार देर रात तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद पेट्रोल पंप के पास से शराब से भरी स्विफ्ट डिजायर कार(बीआर-01पीएम-6938) बरामद की. लग्जरी कार पर 36 पेटी रॉयल स्टेग शराब लदी थी. इस संबंध में तिलैया थाना में मामला दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार तस्कर इन दिनों लग्जरी कार से शराब की तस्करी करने लगे हैं.होली को लेकर शराब की तस्करी बढ़ने की सूचना के बाद बिहार में और सख्ती बढ़ी है.
रजौली पुलिस ने किया पीछा: बीती रात करीब आठ बजे नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में इनोवा और स्विफ्ट डिजायर कार पर शक होने पर वहां की पुलिस ने रोका, पर चालकों ने गाड़ी वापस झारखंड की ओर मोड़ लिया और भागने लगे. कार का पीछा करते हुए रजौली पुलिस कोडरमा तक पहुंची. इसके बाद कोडरमा थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी गयी.
पुलिस को पीछा करते देख शराब तस्कर रात करीब दस बजे स्विफ्ट डिजायर कार को लॉक कर असनाबाद पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भाग गये, जबकि इनोवा सवार लोग भागने में सफल रहे. रात में कार लॉक होने के कारण पुलिस जांच नहीं कर सकी. इसके बाद कार को क्रेन की मदद से खींचकर कोडरमा थाना ले जाया गया. यहां शुक्रवार को शराब की गिनती की गयी, जिसमें 23 पेटी में 276 बोतल रॉयल स्टेग के साथ अलग से 160 बोतल रॉयल स्टेग शराब बरामद की गयी. तिलैया थाना प्रभारी कामेश्वर ठाकुर ने बताया कि अज्ञात के विरुद्व मामला दर्ज किया गया है.
पंजाब निर्मित शराब होने का रैपर
बरामद शराब असली है या नकली इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है. शराब पर मेड इन पंजाब का रैपर लगा है. इससे पहले भी कोडरमा में हरियाणा-पंजाब निर्मित शराब भारी मात्रा में बरामद हो चुकी है.
बैरियर तोड़ भाग रही इनोवा रजौली में जब्त : रजौली समेकित जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान शराब की बड़ी खेप बरामद की. यह शराब झारखंड से होली को देखते हुए बिहार भेजी जा रही थी. इनोवा कार (बीआर-01पीएफ-4836) से 50 पेटी (कुल 600 बोतल) झारखंड निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त हुई है. नवादा के उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश ने बताया कि रजौली चौकी पर उक्त गाड़ी को जब जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो चालक बैरियर तोड़ कर भागने लगा. अधिकारियों ने पीछा कर गाड़ी को पकड़ा. मौका देख चालक भाग निकला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >