– राजेश सिंह –
जयनगर (कोडरमा) : प्रखंड की करियावां पंचायत अंतर्गत नव सृजित प्राथमिक विद्यालय गांधी नगर धान क्रय केंद्र बन कर रह गया है. विद्यालय के सचिव रामअनुज प्रसाद के पिता ने विद्यालय भवन में धान का गोदाम खोल रखा है.
ग्रामीण क्षेत्रों से निजी तौर पर खरीदे गये धान को यहां इकट्ठा कर बेचा जाता है. सोमवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला. प्रभात खबर से बातचीत में डीएसइ ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कर तुरंत कार्रवाई की जायेगी.
बच्चे छत पर : ग्रामीणों की शिकायत पर सोमवार को पहुंचे प्रभात खबर प्रतिनिधि ने देखा कि विद्यालय परिसर में एक पिकअप वैन पर विद्यालय भवन में स्थित धान गोदाम से धान लोड किया जा रहा था. वहीं बच्चे छत पर टहल रहे थे. 10:30 बजे तक विद्यालय के अन्य कमरों का ताला नहीं खुला था.
पूछे जाने पर सचिव के पिता गणपत यादव ने बताया कि विद्यालय का भवन खाली था, इसलिए उन्होंने यहां धान रखा था. जबकि ग्रामीणों ने बताया कि धान का यह कारोबार पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय से संचालित हुआ था.
उल्लेखनीय कि गणपत यादव के बड़े पुत्र रामानुज प्रसाद इस विद्यालय के सचिव हैं, जबकि पारा शिक्षक के रूप में इनके एक अन्य पुत्र राम नरेश प्रसाद भी यहीं कार्यरत हैं. ग्रामीणों का इस संबंध में कहना है कि बगैर ग्राम सभा के अध्यक्ष, सचिव की मिलीभगत से पारा शिक्षक का चयन किया गया.
पठन-पाठन भी बाधित स्थानीय पिंटू कुमार पंडित, अजय यादव, विजय पासवान, कृष्णा कुमार आदि ने बताया कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण यहां पठन-पाठन बाधित है और अभिभावक बगल के स्कूल में अपने बच्चों को भेजने को विवश हैं.
हालांकि इस दौरान अध्यक्ष सीताराम यादव नजर नहीं आये. ग्रामीणों ने इस प्रतिनिधि को बताया कि शिक्षकों को कई बार ऐसा नहीं करने को कहा गया था, मगर अध्यक्ष, सचिव व पारा शिक्षक की मिलीभगत से पाठशाला को धान क्रय केंद्र बना दिया गया है.
जांच कर करेंगे कार्रवाई : डीएसइ
इस संबंध में पूछे जाने पर डीएसइ जितेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि अगर विद्यालय में इस तरह धान क्रय केंद्र खोला गया है तो गलत है. उन्होंने कहा कि इस बात की जानकारी उन्हें नहीं मिली थी. अब विभागीय पदाधिकारियों को विद्यालय भेजकर जांच करवायेंगे. एक-दो दिन में अवश्य कार्रवाई होगी.
