कोडरमा : पुलिस ने सिरसिरवा जंगल में अवैध पत्थर उत्खनन को लेकर हुई वर्चस्व की लड़ाई मामले में दो अपराधी को गिरफ्तार किया है. इनमें देवेंद्र पांडेय (पिता अनिरुद्ध पांडेय, कलाली रोड पुराना बस स्टैंड, झुमरीतिलैया) व गोविंद सिंह (पिता चंदेश्वर सिंह निवासी असनाबाद) शामिल हैं. इनके पास से दो पिस्तौल, कारतूस व दो मोबाइल बरामद हुआ है.
कोडरमा थाना में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी हेमंत टोप्पो ने बताया कि अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से सामान्य गश्ती के दौरान पुलिस को उक्त सफलता मिली. कोडरमा घाटी में थाना प्रभारी अरुण गुप्ता द्वारा पेट्रोलिंग की जा रही थी. नवा माइल के पास सअनि रवींद्र कुमार, विनोद कुमार, प्रकाश यादव ने मोटरसाइकिल पर जा रहे दो लोगों को रोका, तो वे भागने लगे. इसी दौरान दोनों का गिरफ्तार कर लिया गया. ये रंगदारी मांगने का भी काम करते थे.
उग्रवादी संगठन से वास्ता नहीं : एक अखबार की ओर से गिरफ्तार किये गये लोगों का संबंध उग्रवादी संगठन पीएलजीए से बताये जाने पर एसपी ने कहा कि इनका किसी भी उग्रवादी संगठन से वास्ता नहीं है. ये अपराधी हैं और रंगदारी मांगने का काम करते हैं.
