कोडरमा बाजार : सिरसिरवा जंगल में गुरुवार सुबह पुलिस की टीम ने छापामारी कर बोल्डर लदा एक ट्रक को जब्त करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है. वन्य प्राणी प्रक्षेत्र के सिरसिरवा जंगल में अवैध पत्थर उत्खनन को लेकर बुधवार की रात माफियाओं के दो गुट के बीच संघर्ष हुआ था.
इसमें चार राउंड गोलीबारी के अलावा गाड़ियों को जलाने व तोड़फोड़ की बात भी सामने आई थी. घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी, क्योंकि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली थी. घटना में चार लोग घायल हुए थे.
गुरुवार सुबह कोडरमा थाना प्रभारी अरुण गुप्ता, डोमचांच थाना प्रभारी सुमन कुमार सिन्हा ने सदल बल के साथ छापामारी की, पर वहां कुछ खास नहीं मिला. पुलिस ने एक ट्रक में लदे बोल्डर (पत्थर) व अवैध उत्खनन के आरोप में तथाकथित मुंशी श्री लाल हांसदा निवासी कोल्हाना टांड गिरिडीह व चालक राजेश यादव निवासी लोकाई कोडरमा को गिरफ्तार किया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जब्त वाहन निरो पहाड़ी के अशोक यादव का है. उन्होंने बताया कि वाहन मालिक व पकड़े गये दोनों लोगों पर अवैध उत्खनन तथा अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है.
लगातार होगी छापामारी : एसपी
पुलिस अधीक्षक हेमंत टोप्पो ने बताया कि सिरसिरवा जंगल में अवैध पत्थर उत्खनन का मामला वन विभाग का है. हालांकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस वहां लगातार छापामारी करेगी.
