जयनगर : बांझेडीह फोर लेन में भाजपा व झाविमो कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत के बाद प्लांट की राजनीति गरमा गयी है. विभिन्न समितियों और मोरचा के लोग रणनीति तय करने में जुट गये हैं. मारपीट को लेकर चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दो प्राथमिकी जयनगर थाना व दो प्राथमिकी डैम ओपी में दर्ज की गयी है.
शुक्रवार देर रात दर्ज करायी गयी एक और प्राथमिकी में समिति समर्थक सुभाष यादव ने मगध इंजीनियरिंग वर्क्स कंपनी के उमेश सिंह व वीरेंद्र सिंह को आरोपी बनाया है. ज्ञात हो कि शुक्रवार को भाजपा व झाविमो कार्यकर्ता एक कंपनी को बचाने व विरोध के चक्कर में भिड़ गये थे.
मेरी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक है : विधायक : विधायक अमित कुमार यादव ने प्रो जानकी यादव के बयान पर कहा कि जो विधायक बनने का ख्वाब देख रहा है, उसने अवैध कमाई से करोड़ों का धन इकट्ठा कर रखा है. उन्होंने कहा कि प्रो यादव की प्लांट में भी ठेकेदारी चल रही है.
कई कंपनियों से पार्टनरशिप भी है. उन्होंने कहा कि मेरी संपत्ति इंटरनेट पर सार्वजनिक है. कोई भी देख सकता है. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी के प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर प्रो यादव ठेकेदारी कर रहे हैं. इनके कार्यकर्ता प्लांट में नौकरी दिलाने के नाम पर विस्थापितों से राशि वसूल रहे हैं. यह बात जगजाहिर है.
मोरचा अपनी गिरेबां में झांक कर देखे :
(समिति) विस्थापित संघर्ष समिति मजदूर संघ के अध्यक्ष सह पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेश यादव ने झाविमो नेता प्रो जानकी यादव के बयान की निंदा करते हुए कहा कि मोरचा अपने गिरेंबा में झांक कर देखे. मोरचा के लोग नौकरी दिलाने के नाम पर विस्थापितों के साथ दलाली कर रहे हैं.
