झुमरीतिलैया. जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने को लेकर जिला प्रशासन की कोशिश तेज हो गयी है. बुधवार को एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार के नेतृत्व में अधिकारियों के एक दल ने खाद के थोक व्यवसायी सरस्वती इंटरप्राइजेज झुमरीतिलैया के कार्यालय में छापामारी की. इस दौरान दुकान की स्टॉक पंजी, विवरणी पंजी देखी गयी. अधिकारियों ने गोदाम का निरीक्षण भी किया.
निरीक्षण में एसडीओ श्री बरदियार के साथ बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद, कृषि निरीक्षक कृपा नारायण सिंह, शैलेंद्र कुमार सहित व विभिन्न प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारी शामिल थे. इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जायेगी. उल्लेखनीय है कि यूरिया की कालाबाजारी को लेकर पूर्व में तीन दुकानों को सील किया गया था. खुदरा दुकानदारों ने थोक विक्रेताओं पर अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि ऐसे में मजबूरन वे अधिक रेट पर खाद बेचते हैं. इधर, खुदरा व्यवसायियों पर कार्रवाई की प्रशासनिक तैयारी शुरू कर दी गयी है.
