कोडरमा बाजार : व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को जिला न्याय सदन का उदघाटन झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीरेंद्र सिंह, न्यायमूर्ति परमाथ पटनायक, प्रशांत कुमार, आरआर प्रसाद व डीएन पटेल ने किया.
इस मौके पर पीएलवी (पारा लीगल वोलेंटियर) के लिए आयोजित पांच दिवसीय ओरिएंटेशन इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बीरेंद्र सिंह ने कहा कि न्याय सदन से यहां के लोगों को काफी लाभ होगा.
उन्होंने नव प्रशिक्षित पीएलवी (पारा लीगल वोलेंटियर) को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों के दर्द को समङों और उन्हें उन्हें मौलिक अधिकार तथा न्याय के प्रति जागरूक करें. जस्टिस बीरेंद्र सिंह ने कहा कि पीएलवी लोगों के साथ सहानुभूति रखें, तभी उनके दिल में न्यायालय के प्रति विश्वास जगेगा. उनके छोटे-मोटे झगड़े को स्थानीय स्तर में ही निबटाने का प्रयास करें. उन्होंने कहा कि पीएलवी पर कई जिम्मेवारियां हैं.
लोगों को न्याय दिलाने के साथ-साथ सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाना भी उनका दायित्व बनता है. ग्रामीण स्तर पर लोगों को अपने बच्चों को शिक्षित करने के प्रति भी जागरूक करें. उन्होंने कहा कि हमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक न्याय पहुंचाना है. लोगों को सुलभ व सस्ता न्याय मिले, इसके लिए प्राधिकार तेजी से कार्य कर रहा है. पीएलवी इसे और गति दें और झालसा के उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचायें. स्वागत भाषण प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार सिंह ने दिया.
मौके पर न्यायमूर्ति बीरेंद्र सिंह ने विटनेस शेड का शिलान्यास किया. इसके अलावा अतिथियों ने पौधारोपण भी किया. कार्यक्रम के बाद मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक पदाधिकारियों व बार के सदस्यों के साथ बैठक की.
