आपने हौसला बढ़ाया, हम कदम बढ़ाते जायेंगे

प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह. 260 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले विद्यार्थियों की निष्ठा को सम्मान का तिलक सोमवार को लगाया गया. झुमरीतिलैया बाइपास रोड स्थित शिव वाटिका का हॉल अतिथियों की उपस्थिति के बीच बच्चों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज रहा था. मौका था प्रभात खबर प्रतिभा […]

प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह. 260 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले
विद्यार्थियों की निष्ठा को सम्मान का तिलक सोमवार को लगाया गया. झुमरीतिलैया बाइपास रोड स्थित शिव वाटिका का हॉल अतिथियों की उपस्थिति के बीच बच्चों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज रहा था. मौका था प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह का. समारोह में जिले के 260 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित हुए.
कोडरमा : प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में झारखंड बोर्ड दसवीं के प्रत्येक विद्यालय के तीन टॉपर, 12वीं में तीनों संकाय के टॉपर के साथ सीबीएसइ दसवीं में 10 सीजीपीए लाने वाले छात्र, 12वीं विज्ञान व कॉमर्स के टॉपर के अलावा मेडिकल व इंजीनियरिंग में सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया.
प्रभात खबर ने यूपीएससी परीक्षा में सफल होकर जिले का मान बढ़ाने वाले आकाश वर्णवाल का भी सम्मान किया. उनकी जगह पर आकाश के पिता शिवनारायण मोदी ने सम्मान ग्रहण किया.
समारोह का उदघाटन मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक वाई एस रमेश, एएसपी नौशाद आलम, नगर पर्षद झुमरीतिलैया के अध्यक्ष उमेश सिंह, नगर पंचायत कोडरमा की अध्यक्ष कांति देवी व एसबीआइ झुमरीतिलैया के चीफ मैनेजर संजय सिन्हा ने किया. अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद विशिष्ट अतिथि उपायुक्त छवि रंजन समारोह में पहुंचे और विद्यार्थियों को सम्मानित किया. संचालन शिक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा ने किया. समारोह के स्थानीय स्पांसर थे कोडरमा आयरन स्टील एंड मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन व स्वामी विवेकानंद सेंट्रल पब्लिक स्कूल चाराडीह कोडरमा.
समारोह में ये थे उपस्थित : समारोह में रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ बीएनपी वर्णवाल, सीडी बालिका उच्च विद्यालय के प्राचार्य रामप्रवेश पांडेय, नगर राजद अध्यक्ष कृष्णा बरहपुरिया, राजकुमार यादव, आदर्श शिशु प्लस टू उच्च विद्यालय के व्यवस्थापक रामदेव प्र यादव, एसवीसीपीएस के प्राचार्य नीरज कुमार, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल नवलशाही के प्राचार्य मो फरीद आलम, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल बुच्चीटांड के निदेशक चंद्रदेव यादव, पार्षद गंदौरी रजक, बसंत सिंह, घनश्याम तुरी, पार्षद प्रतिनिधि बलराम यादव, संजय शर्मा, राकेश पांडेय, संजीवनी एकेडमी के निदेशक संजीव कुमार, गौतम वर्णवाल, संजय मोदी, सुनील जैन, राजू सरदार, सुधीर सिंह, रवि यादव आदि मौजूद थे.
इच्छा के अनुरूप क्षेत्र का चयन करें : डीसी
उपायुक्त छवि रंजन ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पहला मुकाम पाकर बिखरने की जरूरत नहीं है, बल्कि आगे बढ़ने का लक्ष्य निर्धारित कर बड़ा मुकाम पाने का प्रयास करें.
उन्होंने कहा कि अभिभावक भी अपने बच्चों के साथ भविष्य को लेकर चर्चा करें. उनकी रुचि के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करें. अभिभावक व शिक्षक एक मूर्तिकार के समान हैं. जिनके गढ़ने से विद्यार्थी मूर्त रूप लेते हैं. उन्होंने कहा कि दसवीं पास करने के बाद विद्यार्थियों के बीच जज्बात का उबलता हुआ बुलबुला सामने आते है, मगर उससे घबराने की बजाय अपनी इच्छा के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र का चयन करें और मुकाम पायें.
कड़ी मेहनत करें विद्यार्थी : चीफ मैनेजर
एसबीआइ झुमरीतिलैया शाखा के चीफ मैनेजर संजय सिन्हा ने कहा कि इस तरह के आयोजन के लिए प्रभात खबर परिवार बधाई का पात्र है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कड़ी मेहनत करें. अभिभावक विद्यार्थियों पर छोड़ दें कि वे आगे चल कर क्या बनना चाहते हैं. उनकी रुचि का ध्यान रखते हुए उनका सहयोग करें.
लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें : अन्नपूर्णा
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रभात खबर द्वारा प्रत्येक वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. राज्य के सभी जिलों में इस तरह के आयोजन से प्रतिभावान विद्यार्थी आगे बढ़ रहे हैं. दूसरे विद्यार्थियों का भी इससे हौसला बढ़ता है. उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलना ही चाहिए और इस दिशा में प्रभात खबर अपनी अहम भूमिका निभा रहा है. उन्होंने कहा कि कोडरमा की प्रतिभा का डंका जापान तक बज रहा है. शिक्षा एक अमूल्य धरोहर है. बच्चे परिश्रम करें और आगे बढ़ें. लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें.
शिक्षा से ही विकास होगा : कांति देवी
नगर पंचायत कोडरमा की अध्यक्ष कांति देवी ने प्रभात खबर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा से ही क्षेत्र का विकास होगा. विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रभात खबर ने अच्छा काम किया है. आज जिन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, उनके सम्मान को देखते हुए इसके पीछे की पीढ़ी भी कठिन परिश्रम कर आगे बढ़ने की प्रेरणा लेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >