जन्माष्टमी पर विद्यालयों में कई कार्यक्रम हुए
झुमरीतिलैया : शहर के स्कूलों में मंगलवार को कृष्ण जन्माष्टमी पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान नन्हे बच्चों ने अपनी कला के जलवे बिखेरे. सेक्रेड हर्ट स्कूल झुमरीतिलैया में कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्कूल के निदेशक प्रमोद कुमार व प्राचार्य शैलेश कुमार उपस्थित थे. स्कूल के बच्चों ने कार्यक्रम के दौरान अदभुत छटा बिखेरी. विद्यालय में आयोजित कृष्ण रूप सज्ज प्रतियोगिता में जूनियर सेक्शन के बच्चों ने जो नृत्य संगीत की छटा बिखेरी, उस पर सभी फिदा हो गये.
बच्चों ने राधा तेरी चुनरी.., मइया यशोदा तेरा कन्हैया जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया. वहीं कई बच्चों ने हिंदी व अंगरेजी में जन्माष्टमी पर भाषण देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. कई बच्चों ने कृष्ण सुदामा मिलन प्रसंग पर सजीव चित्रण प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
निदेशक प्रमोद कुमार व प्राचार्य शैलेश कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों का व्यक्तित्व निखरता है. उन्होंने सभी को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम में अनुष्का, शुभम, बासुनंदन, अनुपमा, अनिकेत, जहानवी, विदुषी, अर्शद, अन्या, अमोद, श्रेया, निखिल, दिवेश, शताक्षी, अगम, प्रकृति, कसीस, निधि आदि बच्चों ने भाग लिया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीमा जैन, मेघा, नेहा, पूजा, संध्या, प्रिया, कृतिका, सोनम, सुमन, प्रियंका, दीक्षा, प्राची आदि की मुख्य भूमिका रही. इधर, क्लोरोफिल स्कूल में भी जन्माष्टमी पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ. बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सभी को आनंदित कर दिया. निदेशक अजय अग्रवाल व प्राचार्या कंचन अग्रवाल ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए जन्माष्टमी के महत्व पर प्रकाश डाला.
