22 राउंड में पूरी होगी कोडरमा की मतगणना

लॉटरी के जरिये पांच बूथों के इवीएम का चयन कर वीवीपैट पर्ची का होगा मिलान कोडरमा बाजार : कोडरमा विधानसभा क्षेत्र में 12 दिसंबर को हुए मतदान के बाद अब जिला प्रशासन 23 दिसंबर की सुबह आठ बजे से होनेवाली मतगणना की तैयारी में लग चुका है. जानकारी के मुताबिक लोकाई स्थित आइटीआइ भवन में […]

लॉटरी के जरिये पांच बूथों के इवीएम का चयन कर वीवीपैट पर्ची का होगा मिलान

कोडरमा बाजार : कोडरमा विधानसभा क्षेत्र में 12 दिसंबर को हुए मतदान के बाद अब जिला प्रशासन 23 दिसंबर की सुबह आठ बजे से होनेवाली मतगणना की तैयारी में लग चुका है. जानकारी के मुताबिक लोकाई स्थित आइटीआइ भवन में बनाये गये मतगणना हॉल में मतों की गिनती के लिए 16 टेबल लगाये जायेंगे, जबकि दो टेबल रिजर्व रखा जायेगा. इन टेबलों पर मतों की गिनती के लिए 18 सुपरवाइजर, 18 पर्यवेक्षक व 18 काउंटिंग सहायक को लगाया जायेगा. यानी प्रत्येक टेबल पर एक-एक सुपरवाइजर, पर्यवेक्षक व काउंटिंग सहायक रहेंगे.
इसके अलावा वज्र गृह से इवीएम (सीयू) को मतगणना हॉल में लाने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को लगाया जायेगा. मतों की गिनती के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लॉटरी के जरिये पांच बूथों की इवीएम का चयन कर उसके वीवीपैट के पर्ची का मिलान संबंधित बूथ के इवीएम से किया जायेगा. करीब 22 राउंड चलने वाली मतों की गिनती प्रेक्षक व प्रत्याशियों की मौजूदगी में होगी. वहीं डाक मतपत्र की गिनती के लिए अलग से एक टेबल लगाया जायेगा.
प्रेक्षक व प्रत्याशियों की मौजूदगी में खुलेगा व्रज गृह : जानकारी के मुताबिक 23 दिसंबर की सुबह करीब आठ बजे भारी सुरक्षा के बीच प्रेक्षक, जिला निर्वाचन पदाधिकारी और प्रत्याशियों के मौजूदगी में वज्र गृह का सील खोला जायेगा. इसके बाद मतों की गिनती शुरू होगी.
बिना परिचय पत्र के हॉल में प्रवेश की नहीं होगी अनुमति : मतगणना के दिन आईटीआई भवन में सुरक्षा व्यवस्था विशेष तौर पर चाक चौबंद रहेगी. प्रवेश द्वार पर महिला व पुरुष दंडाधिकारी के अलावा पुलिस बल को तैनात किया जायेगा. बिना वैध परिचय पत्र के मतगणना हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >