रैली में नहीं पहुंचे शाह, निराश लौटे लोग

कोडरमा : भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी के पक्ष में शुक्रवार को झुमरीतिलैया स्थित ब्लॉक मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नहीं पहुंच पाये. फनी तूफान के असर के कारण झारखंड के कोडरमा, खूंटी व रांची में आयोजित शाह की तीनों सभाओं को अचानक रद्द करना पड़ा. ऐसे में भारी संख्या […]

कोडरमा : भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी के पक्ष में शुक्रवार को झुमरीतिलैया स्थित ब्लॉक मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नहीं पहुंच पाये. फनी तूफान के असर के कारण झारखंड के कोडरमा, खूंटी व रांची में आयोजित शाह की तीनों सभाओं को अचानक रद्द करना पड़ा. ऐसे में भारी संख्या में रैली में पहुंचे लोगों को जब यह पता चला तो सभी निराश होकर लौट गये.

इससे पहले आयोजन स्थल पर सुबह से ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था. शुरुआत में स्थानीय नेताओं ने मंच संभाला और भाषणबाजी शुरू की फिर अन्य ने अपना भाषण दिया. अपने संबोधन में अन्नपूर्णा ने देश के लिए नरेंद्र मोदी जैसा ताकतवर प्रधानमंत्री को जरूरी बताया. साथ ही उन्होंने अपने पति स्व. रमेश प्रसाद यादव व खुद के विधायक कार्यकाल का जिक्र करते हुए लोगों से समर्थन मांगा.

अन्नपूर्णा के बाद संचालनकर्ता ने सीधे शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव को विचार देने के लिए बुला लिया. करीब 1:15 बजे मंत्री ने माइक संभाली और राज्य व केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अन्नपूर्णा को जिताने की अपील की. मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री व देश को सशक्त बनाने के लिए भाजपा का साथ दें. अपने संबोधन में ही उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी. इस जानकारी के तुरंत बाद रैली स्थल से लोग जाने लगे. हालांकि, इसके बावजूद संचालनकर्ता को कुछ इशारा होने पर उन्होंने बरकट्टा विधायक प्रो. जानकी यादव को संबोधन के लिए बुलाया, पर विधायक संबोधन को नहीं आये और रैली की समाप्ति की घोषणा कर दी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >