झुमरीतिलैया शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की पहल

धार्मिक स्थलों व आसपास की होगी सफाई, 28 को निकलेगी रैली झुमरीतिलैया : नगर निकायों के बीच चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छा रैंक प्राप्त करने को लेकर नगर पर्षद कई कदम उठा रहा है. इसी के तहत बुधवार को नगर पर्षद कार्यालय में शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सभी समुदाय के […]

धार्मिक स्थलों व आसपास की होगी सफाई, 28 को निकलेगी रैली
झुमरीतिलैया : नगर निकायों के बीच चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छा रैंक प्राप्त करने को लेकर नगर पर्षद कई कदम उठा रहा है. इसी के तहत बुधवार को नगर पर्षद कार्यालय में शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सभी समुदाय के धर्म गुरुओं के साथ बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से शहर के सभी धार्मिक स्थलों को स्वच्छ व सुंदर रखने को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा की गयी.
बैठक में सभी समुदाय के धर्म गुरुओं ने निर्णय लिया कि धार्मिक स्थलों में सफाई रखने के लिए सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे के धार्मिक स्थलों में जाकर साफ सफाई करेंगे और शहर को स्वच्छ सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए 28 जनवरी को स्वच्छता रैली निकली जायेगी. इसमें शहर के सभी समुदाय के धर्म गुरु के साथ-साथ उनके समुदाय के लोग भी शामिल होंगे. रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश देंगे कि शहर को स्वच्छ सुंदर बनाने के लिए सभी कूड़ेदान का प्रयोग करें एवं शहर को प्लास्टिक मुक्त करने में अपना योगदान दें.
लोग प्लास्टिक का प्रयोग न कर कपड़े के बने बैग या कागज के ठोंगे का प्रयोग करें ताकि पर्यावरण भी हराभरा रहे. बैठक में सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार, शशि रंजन कुमार, पार्षद बसंत सिंह, डॉ पी कुमार, वरुण कुमार पांडेय, महेश पांडेय, शशि भूषण भारती, प्रभाकर झा, जसवंत सिंह, विजयकांत उपाध्याय, मो अब्दुल जब्बार, मो परवेज आलम, मो एहतेशन खान, मो अयुब सिद्दकी, मो. वकील सिद्दकी आदि मौजूद थे.
गंदगी फैलाने वालों की व्हाट्सएप करें तस्वीर
इधर, शहर में कूड़ा कचरा फैलाने वाले, प्लास्टिक का उपयोग करनेवाले, खुले में शौच करने वाले लोगों पर अंकुश लगाने के लिए नगर पर्षद ने कार्रवाई करने का फैसला लिया है.
इसमें आम लोगों को जोड़ने को लेकर नयी पहल शुरू की जा रही है. सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार ने बताया कि अब शहर में जो भी व्यक्ति कूड़ा कचरा फैलायेगा, कूड़ेदान का प्रयोग नहीं करेगा, खुले में शौच या लघु शंका करेगा व शहर में प्लास्टिक का उपयोग करते पाया जायेगा तो वैसे व्यक्ति पर शहरवासी ही कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसकी तस्वीर या वीडियो बनाकर कोई भी व्हाटसअप के जरिये मोबाइल नंबर 9939354438 पर भेज सकते हैं. उन्होंने कहा कि इससे शहर को स्वच्छ सुंदर व प्लास्टिक मुक्त करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि ऐसे तस्वीर या वीडियो भेजने वाले व्यक्ति को नगर पर्षद की ओर से सम्मानित किया जाएगा. वहीं नियमों का पालन नहीं करने वाले एवं शहर में गंदगी फैलाने वाले लोगों पर आर्थिक दंड लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >