सतगावां के सेलारी गांव में लकड़बग्घे ने किया हमला
दहशत में गांव के लोग
कोडरमा बाजार : जिले के सुदूरवर्ती प्रखंड सतगांवा के सेलारी गांव व बजनीयां गांव में मंगलवार को लकड़बग्घा के हमले से 10 लोग घायल हो गये. घायलों में बच्चे, जवान व बुजुर्ग शामिल हैं.
घटना के बाद गांवों में दहशत का माहौल है. घायलों में चार लोगों का इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य छह विभिन्न जगहों पर इलाजरत हैं. सदर अस्पताल में लाये गये घायलों में झारखंड विधानसभा में कार्यरत कर्मी व सतगांवा के सेलारी निवासी संजय कुमार, सुमित्रा देवी, मुनिया देवी व पांच वर्षीय बच्ची सुग्गी कुमारीशामिल हैं. घायलों में मुनिया देवी की स्थिति चिंताजनक रहने के कारण उसे रांची रेफर कर दिया गया.
घटना के संबंध में घायल संजय कुमार ने बताया कि वह रांची जाने के लिए सुबह में तैयार हो रहे थे. इसी समय अचानक लकड़बग्घा आया और उन पर हमला कर दिया. इससे उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया. इसके बाद उक्त लकड़बग्घा ने सुमित्रा देवी, मुनिया देवी व सुग्गी कुमारी पर हमला कर दिया. इस हमले में मुनिया देवी बुरी तरह घायल हो गयी, जबकि सुग्गी कुमारी के चेहरा पर लकड़बग्घा ने हमला कर चीर दिया. वहीं अन्य घायलों में मुख्तार देव (35) ग्राम बजनीयां, तरवा देवी (50), सरयू राम (40) सेलारी निवासी बताये जाते हैं.
कुछ घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ. बताया जाता है कि कुछ लोग सुबह घर से बाहर शौच के लिए निकले थे. इसी दौरान लकड़बग्घा ने इन लोगों पर हमला कर दिया. शोर मचाने पर गांव वाले दौड़े, तब तक लकड़बग्घा भाग चुका था.
