झुमरीतिलैया (कोडरमा): एसपी सुरेंद्र कुमार झा के तबादले के विरोध में मंगलवार को शहर के लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर रांची-पटना रोड को जाम कर दिया. सुबह करीब 8:30 बजे भाजपा, विहिप व बजरंग दल समर्थित युवाओं ने सड़क जाम करते हुए एसपी के स्थानांतरण का विरोध करते हुए उसे रोकने की मांग की. इस दौरान कैबिनेट की बैठक में शामिल होने रांची जा रही शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव का काफिला भी जाम में फंस गया. हालांकि, मंत्री के अनुरोध के बाद लोगों ने उनके काफिले को जाने दिया.
दूसरी तरफ विरोध प्रदर्शन के कारण रांची-पटना रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही. इससे पूर्व मंत्री ने वाहन से उतर कर जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, पर लोग नहीं माने. लोगों का कहना था कि एसपी श्री झा को यहां बुलाया जाये.
मंत्री ने आश्वासन दिया कि एसपी के तबादले के मुद्दे को वह कैबिनेट में उठायेंगी. इस मामले में सीएम से व्यक्तिगत रूप से बात करेंगी. इसके बावजूद लोग जाम हटाने के लिए तैयार नहीं हुए. करीब डेढ़ घंटे बाद एसपी से फोन पर हुई बातचीत व पुलिस के हस्तक्षेप से जाम कर रहे लोगों को हटाया जा सका. इसके बाद हाइवे पर वाहनों का आवागमन सामान्य हुआ.
शराब माफियाओं पर लगायी थी लगाम : एसपी के रूप में पदभार लेने के बाद एसके झा ने क्षेत्र में अलग पहचान बनायी थी़ वे लोगों के लिए सहज रूप से उपलब्ध रहे़ शराब माफियाओं पर कहर बनकर टूटे. एसपी के रूप में उन्होंने जिले भर में छापेमारी करायी और अवैध शराब के धंधेबाजों को गिरफ्तार कर जेल भेजा. करीब 11 माह के कार्यकाल में उन्होंने आपराधिक मामलों, लूटकांडों का खुलासा करते हुए कई अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की.
