प्रावि तिलैया डैम के कमरा निर्माण में पेच

चंदवारा: प्रखंड के तिलैया डैम में पिछले दिनों शुरू हुए प्राथमिक विद्यालय तिलैया डैम के कमरों के निर्माण कार्य में पेच फंस गया है. भूमि विवाद के कारण स्कूल के अतिरिक्त निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है. मामले को लेकर सैनिक स्कूल तिलैया प्रबंधन व स्थानीय ग्रामीण, स्कूल प्रबंधन आमने-सामने हैं. पूरे मामले […]

चंदवारा: प्रखंड के तिलैया डैम में पिछले दिनों शुरू हुए प्राथमिक विद्यालय तिलैया डैम के कमरों के निर्माण कार्य में पेच फंस गया है. भूमि विवाद के कारण स्कूल के अतिरिक्त निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है. मामले को लेकर सैनिक स्कूल तिलैया प्रबंधन व स्थानीय ग्रामीण, स्कूल प्रबंधन आमने-सामने हैं.

पूरे मामले को लेकर प्रावि तिलैया डैम के प्रधानाध्यापक राजेंद्र पताप सिंह ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर कार्य बंद कराने की जानकारी दी है. आवेदन में उन्होंने कहा है कि स्कूल में वर्तमान में 131 बच्चों का नामांकन है और किसी तरह दो कमरे में कक्षाओं का संचालन हो रहा है. पिछले 16 नवंबर को विभाग द्वारा कमरा निर्माण को लेकर मिली राशि से निर्माण कार्य की शुरुआत स्थानीय मुखिया रमेश प्रसाद द्वारा की गयी. कार्य शुरुआत के बाद ही सैनिक स्कूल के रजिस्ट्रार ने मौखिक रूप से कार्य को रोक देने को कहा. जिस भूमि पर कमरों का निर्माण हो रहा है, वह सैनिक स्कूल परिसर से बाहर है. उक्त जमीन जनहित में चरागाह के लिए छोड़ा गया है.

इधर, पूरे मामले पर सैनिक स्कूल के रजिस्ट्रार शिशिर कुमार का कहना है कि निर्माण कार्य रोकने के लिए एसडीओ स्तर से आदेश है. बावजूद इसके स्थानीय जनप्रतिनिधि जबरन निर्माण कार्य करा रहे हैं. सैनिक स्कूल की जमीन पर किसी तरह का बाहरी निर्माण कार्य गलत है. पूरे मामले की प्रशासनिक स्तर से जांच हो रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >