कार्रवाई: प्रशासनिक सख्ती से अवैध उत्खनन करनेवालों में मचा हड़कंप, सिरसिरवा मामले में तीन गिरफ्तार

कोडरमा: जिले के वन्य प्राणी आश्रयणी क्षेत्र सिरसिरवा में वर्षों से चल रहे पत्थर के अवैध उत्खनन मामले में कार्रवाई जारी है. पुलिस टीम ने चालक सह चौकीदार के साथ मारपीट व पथराव करने के मामले में नामजद किये गये तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में फगुनी यादव उर्फ फुलो यादव (नावाडीह), […]

कोडरमा: जिले के वन्य प्राणी आश्रयणी क्षेत्र सिरसिरवा में वर्षों से चल रहे पत्थर के अवैध उत्खनन मामले में कार्रवाई जारी है. पुलिस टीम ने चालक सह चौकीदार के साथ मारपीट व पथराव करने के मामले में नामजद किये गये तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में फगुनी यादव उर्फ फुलो यादव (नावाडीह), सुरेंद्र सिंह (चितरपुर) व नारायण राम (झरीटांड, कोडरमा) शामिल हैं. उक्त जानकारी एसडीपीओ अनिल शंकर ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी. एसडीपीओ ने बताया कि गत दिनों सिरसिरवा जंगल में अवैध उत्खनन की सूचना पर टीम ने छापेमारी की थी. इस दौरान पांच शक्तिमान को जब्त किया गया था.
जब्त बोल्डर लदे शक्तिमान को डोमचांच थाना लाने के दौरान नीरू पहाड़ी के पास कई लोगों ने ट्रक को रुकवा कर चालक सह चौकीदार बासुदेव यादव के साथ मारपीट की थी. यही नहीं पथराव करते हुए एक आरोपी द्वारिका यादव ने ट्रक को भगा ले जाने का प्रयास किया. मारपीट व पथराव के बीच पुलिस टीम वहां पहुंची और चौकीदार को बचाया. इस मामले में पीड़ित चौकीदार की लिखित शिकायत पर डोमचांच थाना में कांड संख्या 86/17 दर्ज किया गया है. दर्ज मामले में नामजद किये गये आरोपियों की धर-पकड़ व जांच के लिए उनके नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी है. टीम में डोमचांच इंस्पेक्टर आरके तिवारी, थाना प्रभारी सुनील सिंह, एसआइ रामायण राम, महेंद्र प्रसाद यादव व अन्य पुलिस कर्मी शामिल हैं.

टीम ने रविवार रात छापेमारी कर नामजद बनाये गये तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पायी, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार फगुनी यादव ने चालक पर पहले पथराव किया था, जिससे चालक घायल हो गया. इसके बाद अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. ज्ञात हो कि शनिवार को डीसी संजीव कुमार बेसरा व एसपी एसके झा के नेतृत्व में सिरसिरवा जंगल में छापेमारी हुई थी. इस दौरान वन क्षेत्र में कई एकड़ इलाके में अवैध खनन की बात सामने आयी थी. टीम ने मौके पर से पांच शक्तिमान जब्त किया था, जबकि खनन माफिया छापेमारी की भनक लगते ही फरार हो गये थे. अब पुलिस की ओर से डोमचांच व कोडरमा में दो अलग-अलग मामले दर्ज होने से माफिया तत्वों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. डोमचांच थाना में दर्ज मामले में 24 तो कोडरमा थाना में दर्ज मामले में 12 लोगों को नामजद किया गया है.

सुरेंद्र सिंह के विरुद्ध पहले से जारी है वारंट
सिरसिरवा जंगल में अवैध उत्खनन माफिया सफेदपोश गठजोड़ से पूरी तरह फल-फूल रहा था. साथ ही इस अवैध कार्य में निचले स्तर पर सरकारी विभाग के कर्मियों की भी मिलीभगत रही है. यही कारण है कि लंबे समय से चल रहे इस अवैध कार्य पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई. यह अलग बात है कि वन्य प्राणी आश्रयणी के पदाधिकारी कई मामले दर्ज होने व गिरफ्तारी किये जाने का दावा करते रहे हैं, पर इसको लेकर सख्ती बड़े स्तर की नहीं दिखी. पुलिस की ओर से गिरफ्तार किये गये सुरेंद्र सिंह पर पूर्व में भी कुछ मामले दर्ज होने की बात सामने आ रही है. यही नहीं एक मामले में उसके विरुद्ध पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी सामने आयी है. ऐसे में सवाल उठता है कि पूर्व में सब कुछ पूरी तरह मैनेज सिस्टम पर काम हो रहा था और मामले दर्ज होने के बाद भी न तो आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो रही थी और न ही खनन रोकने के लिए ठोस पहल. गिरफ्तार सुरेंद्र सिंह इस बार दर्ज हुए दोनों मामलों में नामजद आरोपी है. डोमचांच पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है तो कोडरमा थाना में दर्ज मामले में भी उस पर अलग से केस चलेगा.
बड़े माफियाओं का नाम नहीं
इधर, सूत्र बताते हैं कि सिरसिरवा में अवैध खनन को रोकने के लिए डीसी-एसपी ने पूरी तरह सख्ती बरतने का निर्देश दिया है. छापेमारी के बाद दर्ज दो मामलों में शुरुआती दौर में जिनका नाम सामने आया उनको नामजद तो किया गया, लेकिन कुछ बड़े माफिया तत्व का नाम एफआइआर में सामने नहीं आया. अब जैसे-जैसे अधिकारियों को जानकारी मिल रही है अवैध खनन कार्य कराने वाले कुछ बड़े माफियाओं का नाम एफआइआर में दर्ज नहीं है, तो इनका नाम भी केस में जोड़ने की तैयारी चल रही है. इस संबंध में वरीय पदाधिकारी खुद मामले की जानकारी जुटा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >