सख्ती: सिरसिरवा जंगल में चल रहे पत्थर के अवैध उत्खनन पर कसा शिकंजा, शातिर अपराधियाें पर मामला दर्ज

कोडरमा: वन प्राणी आश्रयणी क्षेत्र के सिरसिरवा जंगल में वर्षों से चल रहे पत्थर के अवैध उत्खनन को लेकर डीसी संजीव कुमार बेसरा व एसपी एसके झा द्वारा स्वयं की गयी छापेमारी के बाद अब प्रशासनिक टीम सक्रिय हो गयी है. जंगल में खनन माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से किये जा रहे उत्खनन के मामले में […]

कोडरमा: वन प्राणी आश्रयणी क्षेत्र के सिरसिरवा जंगल में वर्षों से चल रहे पत्थर के अवैध उत्खनन को लेकर डीसी संजीव कुमार बेसरा व एसपी एसके झा द्वारा स्वयं की गयी छापेमारी के बाद अब प्रशासनिक टीम सक्रिय हो गयी है. जंगल में खनन माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से किये जा रहे उत्खनन के मामले में सहायक खनन पदाधिकारी राजा राम प्रसाद के आवेदन पर रविवार को कोडरमा थाना में मामला दर्ज किया गया है.

दर्ज मामले में अवैध खदान संचालित करनेवाले 12 लोगों को नामजद करते हुए अज्ञात को आरोपी बनाया गया है. साथ ही जब्त पांच शक्तिमान के अज्ञात मालिक व चालक को भी आरोपी बनाया गया है. जब्त वाहनों को डोमचांच थाना लाने के दौरान पुलिस चालक सह चौकीदार बासुदेव यादव के साथ नीरू पहाड़ी के पास मारपीट व पथराव के मामले में एक अन्य केस डोमचांच थाना में दर्ज किया गया है.

डोमचांच थाना में दर्ज मामले में 24 लोगों को नामजद आरोपी बनाते हुए अन्य अज्ञात पर केस दर्ज हुआ है. दर्ज मामलों में आरोपी बनायेगये कुछ लोग शातिर अपराधी, तो कुछ जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदार हैं. कुछ आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. जानकारी के अनुसार डीएमओ द्वारा दिये गये लिखित आवेदन पर कोडरमा थाना में कांड संख्या 196/17 दर्ज किया गया है. इसमें कहा गया है कि चितरपुर सिरसिरवा नाला के पास बड़े स्तर पर अवैध खनन कार्य किये जाने की सूचना पर टीम छापामारी के लिए पहुंची थी. छापामारी के दौरान बिना नंबर के चार शक्तिमान जिस पर 150-150 घन फीट बोल्डर लदा है, के अलावा एक खाली शक्तिमान पकड़ा गया.

वहीं खनन कार्य में लगे लोग टीम को देख जंगल में भाग गये. जांच में यहां सात पत्थर खदान पाये गये. इनमें से छह चालू स्थिति में थे. पूछताछ में जानकारी सामने आयी है कि अवैध खदान संचालन में मंजू यादव, सुरेंद्र सिंह, यमुना सिंह, विजय साव ( सभी चितरपुर निवासी), राजेंद्र यादव, मंटू यादव (निरो नावाडीह), रमेश यादव (बंगाय), प्रकाश साव, देवनारायण यादव (चितरपुर), मुन्ना पंडित (डोमचांच), गौतम मेहता (निरो नावाडीह) व मनोज यादव (चितरपुर) शामिल हैं. इन लोगों द्वारा झारखंड लघु खनिज समानुदान नियमावली 2004 के साथ ही वन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है.
अवैध विस्फोटकों का प्रयोग धड़ल्ले से
सिरसिरवा सहित अन्य कुछ जगहों पर अवैध पत्थर के खनन कार्य में विस्फोटकों का प्रयोग भी होता आया है. पावर जेल, जिलेटिन का प्रयोग पत्थर को उड़ाने के लिए किया जाता है. जिस तरह की स्थिति सिरसिरवा जंगल में खनन कार्य के बाद हुई है उससे साफ है की खनन में विस्फोटकों का प्रयोग धड़ल्ले से किया गया है. ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि कोडरमा में अवैध विस्फोटकों का कारोबार पूरी तरह फल फूल रहा है. डिमांड के अनुसार रेट देने पर विस्फोटकों का जखीरा अपराधी किस्म के व्यक्ति के साथ किसी अन्य को भी सप्लाइ कर दिया जाता है. हालांकि, इन विस्फोटकों का प्रयोग खनन कार्य को छोड़ अन्य कार्य में किये जाने की बात जिले में सामने नहीं आयी है, पर जिस प्रकार विस्फोटकों का कारोबार गलत तरीके से हो रहा है उससे इस पूरे व्यापार पर भी सवाल उठा है. साथ ही पुलिस की भूमिका पर भी.
24 नामजद बनाये गये
जब्त शक्तिमान को डोमचांच थाना लाने के दौरान निरू पहाड़ी के पास पुलिस चालक सह चौकीदार बासुदेव यादव (लक्कीबागी कोडरमा) के साथ मारपीट व पथराव की घटना को लेकर डोमचांच थाना में मामला दर्ज हुआ है. थाना कांड संख्या 86/17 में 24 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. आवेदन में कहा गया है कि पुलिस प्रशासन की टीम के द्वारा सिरसिरवा में की गयी छापामारी के दौरान जब्त वाहनों में से एक को लेकर वह लौट रहा था. इसी दौरान निरू पहाड़ी के पास शाम छह बजे 100-150 लोगों ने हमला कर दिया. लोग पत्थर चलाने लगे. इससे गाड़ी का शीशा टूट गया. स्थिति देख वह गाड़ी से उतर जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया तो लोगों ने पत्थर से वार किया, फिर मारपीट की. भागने के क्रम में वह गिर गया. नावाडीह निवासी द्वारिका यादव शक्तिमान लेकर भागने लगा. इसी बीच थाना प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे व मुझे बचाया. पुलिस टीम को देख आरोपी शक्तिमान को पुलिस फायरिंग रेंज के पास छोड़ भागा. इस आवेदन में चितरपुर निवासी विजय साव, यमुना सिंह, जलवाबाद निवासी आजाद खां, सोएब खां, नावाडीह कोडरमा निवासी द्वारिका यादव, फगुनी यादव, धर्मेंद्र कुमार, चरका राणा, राजेश यादव, छोटन यादव, मंटू यादव, चितरपुर निवासी देवनारायण यादव, सुरेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, मंजू यादव, बेहरवाटांड निवासी मंसूर मियां, ढेबुआडीह निवासी कारू सिंह, खरकोटा निवासी महादेव यादव, झरीटांड निवासी नारायण राम, गेंदवाडीह निवासी दिलीप सिंह, नावाडीह निवासी अर्जुन यादव, अनु चौधरी, राजेश यादव, बंगायकला तेतरियाडीह निवासी रमेश यादव को आरोपी बनाया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >