सड़क पर अतिक्रमण और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, DC ने अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश

कोडरमा में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और हिट एंड रन मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई. दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.

कोडरमा से विकाश कुमार की रिपोर्ट

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, हिट एंड रन मामलों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया.

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित करने का निर्देश

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी. उपायुक्त ने दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित करने और वहां जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा.

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अंचल और थाना स्तर पर लंबित तथा अपूर्ण दस्तावेज वाले मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने से पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा मिल सकेगा.

हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्ट्रीट लाइट, रंबल स्ट्रिप और अन्य सड़क सुरक्षा सुविधाओं के बेहतर रखरखाव का निर्देश दिया. संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप लगाने को भी कहा गया.

सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने समेत मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज करने को कहा गया.

सर्विस रोड से हटेगा अतिक्रमण

शहरी क्षेत्र में जाम और अतिक्रमण की समस्या पर भी उपायुक्त ने सख्ती दिखाई. उन्होंने महाराणा प्रताप चौक से सुभाष चौक तक सर्विस रोड पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और नो-पार्किंग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बहुविभागीय टीम गठित कर संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा कार्यबल की बैठक में एनएच प्रतिनिधि को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में एसपी कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, एसडीओ निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, एसडीपीओ प्रमोद कुमार समेत सभी अंचल अधिकारी और संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >