रनिया. रनिया प्रखंड में इन दिनों बिजली की आंख मिचौनी से ग्रामीण सहित ब्लॉक, थाना, हॉस्पिटल के कर्मी परेशान हैं. ग्रामीणों के साथ-साथ सरकारी कर्मियों ने कहा कि दिन में दो से चार घंटे भी बिजली बमुश्किल मिल रही है. बरसात के कारण कहीं भी कोई पेड़ या तार के खंबे या कहीं फॉल्ट होने पर रनिया में घंटों बिजली काट दी जाती है. जिससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ सरकारी कार्यों में भी बाधा हो रही है. अस्पताल में भी अंधेरा छाया रहता है. मालूम हो कि वर्तमान में केलो सब स्टेशन से रनिया में बिजली की सप्लाई दी जाती है. लंबा फीडर होने के कारण रनिया में लोकल फॉल्ट अत्यधिक हो रहा है. फॉल्ट अत्यधिक होने के कारण नियमित रूप से रनिया में बिजली की सप्लाई नहीं हो पाती है. ज्ञात हो कि दो साल पूर्व कुल्हाई सब स्टेशन से रनिया में बिजली की सप्लाई होती थी. जिसकी दूरी अधिक नहीं थी. वर्तमान में दो साल से कुल्हाई सब स्टेशन बंद पड़ा हुआ है. झामुमो प्रखंड कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कुल्हाई सब स्टेशन की स्थिति का जायजा लेने पहुंचा था, जहां पर उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से अधिक समय से रनिया कुल्हाई सब स्टेशन बंद पड़ा है. इस संदर्भ में प्रतिनिधिमंडल के कार्यकर्ताओं ने समस्या की जानकारी विधायक सुदीप गुड़िया को देने की बात कही है. स्थानीय विधायक सुदीप गुड़िया बहुत जल्द कुल्हाई सब स्टेशन से बिजली की सप्लाई शुरू कराने का आश्वासन दिया. कहा कि केलो और कुल्हाई सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जायेगी. इसके लिए प्रयास किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
