खूंटी. मारंगहादा थाना क्षेत्र के कातुद गांव में सात अप्रैल को दो भतीजों ने मिल कर अपने चाचा-चाची पर हमला कर दिया था. जिसमें चाची सोनी पहान की मौत हो गयी थी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी भतीजे हंगरा पहान और कुंवर पहान को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया. एसडीपीओ वरूण रजक ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दोनों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है. वहीं घटना में प्रयुक्त लाठी और कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया गया. आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. एसडीपीओ ने बताया कि सात अप्रैल को करंज फल चुनने के दौरान हुए विवाद में दोनों आरोपियों ने रात को अपने चाचा के घर में घुस कर चाचा गुइया पहान और चाची सोनी पहान को हमला कर घायल कर दिया था. जिसमें इलाज के क्रम में चाची सोनी पहान की मौत हो गयी थी. वहीं चाचा का इलाज सदर अस्पताल में किया गया. इस संबंध में चाचा गुइया पहान के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. उन्होंने अपने बयान में डायन बिसाही का आरोप लगाकर हमला करने का आरोप लगाया था. एसडीपीओ ने कहा कि जांच में अभी तक ऐसी बात सामने नहीं आयी है. उनकी गिरफ्तारी में मारंगहादा थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, पुअनि संतोष रजक, सअनि डोमन टुडू, रमजानुल हक, विमल तिग्गा और सशस्त्र बल शामिल थे.
कुल्हाड़ी से मार कर चाची की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार
करंज बीज चुनने को लेकर विवाद में चाचा व चाची पर किया था हमला
